हादसों की फेक्ट्री…. मजदूर की मौत से फूटा ग्रामीणों का आक्रोश

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

 

मुख्यालय समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बारूद का खेल थमने का नाम नही ले रहा है। जिसके चलते हादसों का सिलसिला जारी है। शहर के मगरधा रोड पर पटाकों की वजह से दो बड़े हादसों की गूंज अभी शांत भी नही हुई थी कि एक ओर हादसा प्रकाश में आया है। जब, कुंजरगांव स्थित पटाका फेक्ट्री में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई है। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और कोलीपुरा टप्पर पर धरना-प्रदर्शन कर डाला। हालांकि इसी दिन प्रशासन के निर्देश पर पहुंचे अधिकारियों ने पटाका फेक्ट्री को सील कर दिया है। परंतु इन सबके बीच आम जनता का ये सवाल कि आखिरकार मौत का ये क्रम कब थमेगा?  

 

 

अनोखा तीर, हरदा/ हंडिया। इन्दौर-बैतूल नेशनल हाइवे से सटे ग्राम कुंजरगांव में बीती रात एक मजदूर की मौत के बाद गुस्साएं ग्रामीणों ने हाइवे पर जमकर प्रदर्शन किया, वहीं गांव में पटाका फेक्ट्री के संचालन का पूरजोर विरोध भी किया। इस मौके पर जयस के प्रमुख पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इस दौरान हालात पर काबू पाने के लिहाज से ग्राम कोलीपुरा टप्पर पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। जो हर गतिविधि पर नजर रखे हुए था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी भी की। इधर, मामले में हंडिया पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। उन्होंने ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है। यह भी कहा कि अगर किसी का भी दोष सामने आया तो उसके विरूद्ध कार्रवाई तय है। उधर, घटना के विरोध में ग्रामीण अपनी नाराजगी जता रहे थे, वहीं दूसरी तरफ कलेक्टर ऋषि गर्ग के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों का दल कुंजरगांव पहुंचा। जहां फेक्ट्री की सूक्ष्मता से जांच की। इस दौरान अधिकारियों को गड़बड़ी का अंदेशा हुआ है। जिसके बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर फेक्ट्री को सील कर दिया है।

बगैर अनुमति फेक्ट्री का संचालन

प्रदर्शन दौरान ग्रामीणों ने गांव में बगैर सक्षम अनुमति के पटाका फेक्ट्री का संचालन करने का आरोप लगाया है। उन्होंनें कहा कि पूर्व में फेक्ट्री का लायसेंस रद्द कर दिया गया था। जिसके कुछ समय बाद तक मामला शांत रहा। लेकिन सबकुछ ठंडा पड़तेे ही पटाके बनाने का खेल फिर शुरू हो गया। ग्रामीणों ने इस जांच में शामिल करने की मांग भी दोहराई।

रातोंरात गायब कर दिया सामान

प्राप्त जानकारी के अनुसार मजदूर को करंट लगने के बाद उसे इलाज के लिये जिला अस्पताल लेकर आए थे। जहां इलाज दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के मुताबिक मजदूर की मौत की खबर के बाद फेक्ट्री से जुड़े लोग अस्पताल से चले गए। वहीं रातोंरात फेक्ट्री में रखा सामान इधर से उधर कर दिया। उनकी यही हड़बड़ाहट कई सवालों को जन्म देती है।

 

 फेक्ट्री में सबकुछ गड़बड़झाला

इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए कहा कि हंडिया तहसील क्षेत्र के ग्राम कुंजरगांव में भूमि खसरा नम्बर 91/28 रकबा 0.011 हेक्टेयर जिसका मालिक मनीबाई पत्नि नंदलाल अग्रवाल एवं खसरा नम्बर 91 / 46 रकबा 0.009 हेक्टेयर जिसका मालिक सोमेश पिता नंदलाल अग्रवाल के नाम से राजस्व रिकार्ड में दर्ज है। यहां शनिवार को अधिकारियों का दल जांच करने के लिये पहुंचा। जिन्होंने उक्त भूमि पर फैक्ट्रीनुमा भवन पाया गया। उससे ठीक लगे हुए टीनशेड में शुक्रवार रात को चौकीदार अनिल पिता रामदयाल की करंट लगने से मृत्यु हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, थाना प्रभारी हंडिया एवं श्रम निरीक्षक तथा बिजली विभाग के एई मौके पर पहुंचे। जिनके द्वारा घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया। इस दौरान भवन के कुछ कमरों में बारूद जैसा पदार्थ फैला हुआ मिला। तत्पश्चात भवन मालिक को मौके पर बुलाए जाने के बावजूद वे उपस्थित नही हुए। इस स्थिति में उनके वैधानिक दस्तावेज प्राप्त न होने की दशा में उन कमरों को पंचगणों की मौजूदगी में सील किया गया। इस मौके पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बिजली कनेक्शन की जांच करने पर मालूम पड़ा कि उनके पास वैध कनेक्शन नही है। जानकारी के अनुसार में मामले में पुलिस, राजस्व, विद्युत एवं श्रम विभाग के अधिकारी जांच में जुटे हैं। मिली जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में दल ने अनियमितताएं पाई हैं। ऐसे में संबंधितों पर सख्त कार्रवाई के संकेत मिल रहे हैं।

Views Today: 2

Total Views: 222

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!