Skip to content
Thursday, 26 November 2026
हरदा

मंत्री के मंसूबों पर ठेकेदार ने लगाया पलीता, दुर्घटना की कारक बनी कृषि उपज मंडी की नई सड़क

2 min read

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश शासन के कृषि मंत्री तथा हरदा विधायक कमल पटेल लंबे समय से हरदा कृषि उपज मंडी को प्रदेश की मॉडल मंडी बनाने की कवायद कर रहे हैं। उन्होंने अपने सपनों की मंडी को आकार देने के लिए मंडी बोर्ड से करोड़ों रुपए की स्वीकृति भी प्रदान की है। जिसके तहत हरदा कृषि उपज मंडी की मुख्य सड़क का चौड़ीकरण करते हुए आरसीसी निर्माण कार्य किया गया है। यह निर्माण कार्य कितना गुणवत्तायुक्त है, यह तो बरसात काल पश्चात मंडी में कृषि उपज की आवक बढऩे के बाद ही पता चलेगा। लेकिन वर्तमान में यह सड़क राहगीरों के लिए दुर्घटना का कारक बनी हुई है। इस सड़क पर इतनी स्पीड बे्रकर सीमेंटेड बनाए गए हैं कि पहले क्षेत्र की जनता हरदा-इंदौर मार्ग पर कन्नौद के समीप ग्राम ननासा को स्पीड बे्रकर गांव के नाम से पहचानने लगी थी, अब हरदा कृषि उपज मंडी की सड़क ने उसका भी रिकार्ड तोड़ दिया। यह पक्के स्पीड बे्रकर इतने ऊंचे और खतरनाक हैं कि यहां से गुजरने वाले छोटे चार पहिया वाहन तो इस पर टिक ही जाते हैं। वहीं मंडी प्रांगण से व्यापारियों का अनाज लेकर गुजरने वाले मालवाहक ट्रकों के लिए भी यह भारी घातक साबित हो रहे हैं। आने वाले दिनों में जब कृषि उपज मंडी में भारी तादाद में ट्रैक्टर-ट्रालियों का फसल लेकर आवागमन होगा तो निश्चित ही यहां आए दिन ट्रैक्टर दुर्घटना की खबरें आम हो जाएंगी। कृषि मंत्री ने मंडी परिसर में किसान विश्राम गृह, किसानों के लिए खाद-बीज जैसी आवश्यक वस्तुएं खरीदने के लिए भी बाजार बनाने, सार्वजनिक आयोजन तथा कला प्रेमियों के लिए ऑडिटोरियल जैसी व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराने की बात कही है। वर्तमान मंडी सड़क को देखते हुए कृषि मंत्री को अपनी इन उपरोक्त सुविधाओं के साथ ही मंडी प्रांगण में एक फै्रक्चर हॉस्पिटल की व्यवस्था भी कराना चाहिए। ताकि इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को दुर्घटना उपरांत मंडी परिसर में ही उपचार सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सके। नि:संदेह कृषि मंत्री की भावनाएं तो उत्कृष्ट हैं, लेकिन उनकी मंशा को सड़क निर्माण ठेकेदार ने ऐसा पलीता लगाया है कि यहां से गुजरने वाला हर शख्स बगैर बद्दुआएं दिए नहीं जाता है। जबकि चुनाव का समय है इस दौर में मंत्री जी को बद्दुआओं की नहीं, दुआओं की दरकार है।

320 Views
320 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply