अनोखा तीर, हरदा। मुख्यालय पर मंगलवार को एक ऐसा मामला उजागर हुआ है, जिसने प्रशासनिक हलके को सोच में डाल दिया है। दरअसल, यहां एक अज्ञात शख्स ने अपने मोबाईल नंबर से खुद को कलेक्टर बताते हुए अन्य अधिकारियों से रूपयों की मांग कर डाली। ये मामला हरदा जिले का है। इसकी प्रारंभिक पड़ताल में दो अधिकारियों को कॉल करने की बात सामने आई है। जिनसे सीधे रूपयों की मांग की गई। हालांकि किसी ने भी रूपये उपलब्ध नही कराएं हैं। इधर, अज्ञात शख्स के इस कारनामे की भनक लगते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले में सक्रियता बढ़ा दी है, वहीं इस बारे में एक प्रेस विज्ञप्ति रिलीज कर समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को ऐसे तत्वों से सतर्क रहने की अपील की है। वहीं पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार कंचन से घटनाक्रम की शिकायत की है। साथ ही अज्ञात व्यक्ति का मोबाईल नंबर भी मुहैया कराया है, जिसके जरिये रूपये मांगने का आरोप है। अधिकारिक जानकारी के अनुसार पिछले दिनों विधानसभा निर्वाचन के लिये नियुक्त सेक्टर अधिकारियों में से एक गिरीश बिल्लोरे रेंज ऑफिसर के पास मोबाइल नम्बर 9903714818 से कॉल आया और अपने स्वयं को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बताते हुए उनसे रूपयों की मांग की गई। इसके अलावा सेक्टर अधिकारी राधारमण जमरा सहायक प्रबंधक उद्योग विभाग ने भी इसी तरह की शिकायत की है। इसको लेकर संयुक्त कलेक्टर केसी परते ने पुलिस अधीक्षक श्री कंचन को पत्र लिखकर ऐसे अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही करने का आग्रह किया है। संयुक्त कलेक्टर श्री परते ने बताया कि जिला निर्वाचन कार्यालय इस तरह रूपयों की मांग का कॉल एवं मेसेज कभी नहीं करता है। उन्होंनें सभी से अपील की है कि अगर कोई भी इस तरह का कॉल करे तो तुरंत निकटतम पुलिस थाने या जिला निर्वाचन कार्यालय में संपर्क करें।




