मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 14 घायल, 2 को गंभीर चोट

 

अनोखा तीर, हरदा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम कनारदा बस स्टैंड के पास गुरुवार शाम करीब चार बजे मजदूरों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें 14 मजदूर घायल हो गए हैं। घायलों में 2 लोगों को गंभीर चोटे आई है। जबकि अन्य सभी को सिर, हाथ, पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटे आई है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि वाहन का चालक शराब के नशे में तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था, जिसके चलते सीधी सड़क पर गाड़ी पलटती चली गई। जानकारी के मुताबिक, बिहार के पूर्णिया जिले के टीका पट्टी थाना के रहने वाले करीब 20 मजदूर हरदा के मगरधा में 21 दिन पहले मूंग खरीदी में तुलाई करने आए थे। गुरुवार को तुलाई का काम पूरा होने पर वे बिहार जाने के लिए मगरधा से हरदा स्टेशन जाने के लिए पिकअप से आ रहे थे। इस दौरान उनकी गाड़ी पलट गई। इसमें नवीन कुमार, कैलाश कुमार, अमित कुमार, दिलखुश कुमार, रूपेश कुमार, महेंद्र मंडल सहित अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के दौरान बालागांव से हरदा आ रहे हरिओम गौर ने पांच घायलों को अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। मजदूरों ने बताया कि उन्हें ताप्ती-गंगा एक्सप्रेस से बिहार जाना था। इसके पहले यह हादसा हो गया।

237 Views

Leave a Reply