बिजली विभाग की भूल से ग्रामीण परेशान, सात माह पूर्व निकाले गए ट्रांसफार्मर को पुन: लगाना भूला विभाग

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, टिमरनी। क्षेत्र के बघबाड़ में लगभग 3 हजार की जनसंख्या वाले गांव में मात्र एक ही ट्रांसफॉर्मर है। जिसके कारण हमेशा यह गांव अंधेरे में डूबा रहता है। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए भारतीय किसान संघ के अथक प्रयासों से एक और नया ट्रांसफार्मर स्वीकृत कराकर ग्राम बघबाड़ में लगवाया गया था। लेकिन नए ट्रांसफार्मर के चालू होने के पूर्व ही उस ट्रांसफार्मर को बिजली विभाग के कर्मचारी-अधिकारियों द्वारा साठगांठ निकालकर अन्य क्षेत्र में लगा दिया गया। विभाग द्वारा ग्रामीणों को दो दिन बाद दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने का भरोसा दिलाकर लगे हुए ट्रांसफार्मर को निकाल लिया गया था। वर्तमान में सात माह बीतने के बाद भी पुन: ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। इस समस्या को लेकर भारतीय किसान संघ का प्रतिनिधिमंडल बिजली विभाग के उप महाप्रबंधक आरके अग्रवाल एवं आरएस मालवीय से मिला और अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की। संगठन द्वारा कहा गया कि क्या हमारे गांव से निकाल कर ले गए ट्रांसफार्मर को पुन: लगवाने के लिए भी अब आंदोलन की आवश्यकता पड़ेगी। जिस पर दोनों अधिकारियों द्वारा एक सप्ताह के अंदर ग्राम बघबाड़ से ले जाए गए ट्रांसफार्मर को पुन: लगवाने का भरोसा दिलाया एवं ग्राम विच्छापुर में भी आ रही वोल्टेज संबंधित समस्या का निदान कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद भी विभाग द्वारा यदि लापरवाही की गई तो संगठन को दूसरा रास्ता अपनाना पड़ेगा। इस दौरान भारतीय किसान संघ के संभागीय संगठन मंत्री दिनेश शर्मा, जिला अध्यक्ष महेश शर्मा, जिला जल संसाधन विभाग प्रभारी दीपचंद नवाद, तहसील उपाध्यक्ष राजेश डूडी, युवा वाहिनी सह संयोजक कुंवर सिंह राजपूत, ग्राम इकाई अध्यक्ष जितेंद्र राजपूत, सदस्य अनिल डूडी और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Views Today: 2

Total Views: 80

Leave a Reply

error: Content is protected !!