अनोखा तीर, रहटगांव। क्षेत्र की सड़कों पर पूर्व से लगे बिजली के खंभे एवं वर्तमान में लगे खंभे सड़क के साइड सोल्डर पर लगे हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना का भय बना रहता है। आगे से दुर्घटना ना हो इसके लिए टिमरनी जनपद उपाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा लिबर्टी द्वारा बुधवार 27 जुलाई को रहटगांव बिजली विभाग को एक पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने विभाग को अवगत कराया कि बिजली विभाग द्वारा पूर्व में लगाए गए विद्युत पोल एवं वर्तमान में लगाए जा रहे पोल जिसमें पूर्व में रोड से 5 फीट पर खंभे खड़े किए गए थे जो कि रोड के साइड सोल्डर से 10 फीट की दूरी पर लगाए जाने थे, जिससे वाहनो को साइड लेने में तकलीफ एवं सुरक्षा की दृष्टि से उचित होगा। इसको ध्यान में रखते हुए आगामी कार्यो में राजस्व विभाग के मार्गदर्शन के उपरांत ही बिजली के खंभे लगाये जाना सुनिश्चित करने करें। जानकारी के मुताबिक क्षेत्र की सड़कों पर पूर्व समय से रोड के एकदम किनारे बिजली के खंभे लगे हैं, जिससे वाहनों के आवागमन में दुर्घटना का भय रहता है। यदि अब जो भी नवीन खंभे राजस्व विभाग के मार्गदर्शन में सड़क सीमा के आखिरी में लगेंगे तो निश्चित ही सड़क भी चौड़ी रहेंगी और दुर्घटना भी नहीं घटेगी।

