
अनोखा तीर, हरदा। स्कूल चलें हमÓ अभियान की मॉनिटरिंग के लिए प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को विभिन्न जिलों में अभियान की समीक्षा की जिम्मेदारी सौंपी हैं। इसी क्रम में जेल एवं आनंदम विभाग के प्रमुख सचिव संजीव झा ने बुधवार को हरदा जिले के टिमरनी में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों से चर्चा की और उन्हें संबोधित भी किया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत रोहित सिसोनिया, नगर परिषद अध्यक्ष टिमरनी देवेन्द्र भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति और डीपीसी मुकेश द्विवेदी भी मौजूद थे। प्रमुख सचिव श्री झा ने मेधावी छात्राओं को इस अवसर पर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
विद्यार्थियों को पुस्तकें, गणवेश, सायकिल व लेपटॉप दिलाने में सरकार कर रही मदद
प्रमुख सचिव श्री झा ने कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टिमरनी में छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पहले विद्यार्थियों को इतना प्रोत्साहन नहीं मिलता था। अब तो प्रदेश सरकार स्कूलों में बच्चों के प्रवेश को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव मदद कर रही है। सभी बच्चों को नि:शुल्क पुस्तकें, नि:शुल्क गणवेश दिलाई जाती है। छात्राओं को गांव से शहर में स्कूल आने के लिए सरकार नि:शुल्क सायकिल भी उपलब्ध कराती है। उन्होने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को सरकार लेपटॉप के लिए धन राशि भी उपलब्ध कराती है।
शाला प्रबन्धक समिति की बैठक ली, पौधरोपण भी किया
प्रमुख सचिव श्री झा ने इस दौरान स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक लेकर उपस्थित शिक्षकों को निर्देश दिये कि बच्चों की पढ़ाई में अब बच्चों की खराब आर्थिक स्थिति बाधक नहीं है। अत: स्कूल जाने योग्य सभी बच्चों को उनके निकटतम स्कूल में प्रवेश दिलाएं। उन्होने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।
शिक्षक लगातार अध्ययन करें और अपडेट रहें
प्रमुख सचिव श्री झा ने स्कूल परिसर में आयोजित शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों को भी संबोधित किया और कहा कि सभी शिक्षक अपने आप को अपडेट रखें और अध्ययन लगातार जारी रखें। उन्होने कहा कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती। जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रजापति ने इस अवसर पर बताया कि गुरूवार को मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 634 मेधावी विद्यार्थियों के खाते में लेपटॉप के लिए 25 हजार रुपए ट्रांसफर करेंगे।

