अनोखा तीर, हरदा। श्री खेड़ापति हनुमानजी की असीम कृपा और आशीर्वाद से नगरवासियों को जगन्नाथपुरी तीर्थ यात्रा और भागवत कथा का पुण्य अवसर सितम्बर माह में मिलने जा रहा है। राजू हरने ने बताया कि खेड़ापति भागवत समिति खेड़ीपुरा द्वारा खेड़ापति मंदिर पुजारी एवं भगवत कथा वाचक विद्याधर उपाध्याय महाराज के पावन सानिध्य में जगन्नाथपुरी यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा का आयोजन 5 सितंबर से 11 सितंबर तक होगा। जिसका भागवत कथा की पूर्णाहुति के साथ समापन किया जाएगा। निरंतर बाबा खेड़ीपुरा की सेवा में सेवारत विद्याधर उपाध्याय महाराज और खेड़ापति भागवत समिति द्वारा यह दिव्य अध्यात्म यात्रा का आयोजन सभी भक्त जन मानस के लिए किया जा रहा है। यह दिव्य यात्रा हरदा जिले से प्रारंभ होगी। जिसमें भगवान श्री जगन्नाथ प्रभु के दर्शनों के साथ ही उड़ीसा क्षेत्र के समस्त तीर्थ क्षेत्र स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। समिति ने इस दिव्य यात्रा में सभी भक्तजनों से शामिल होकर अपने जीवन को धन्य करने का आग्रह किया है। श्री महाराज के पावन सानिध्य में यह यात्रा सभी प्रकार से सुविधाजनक और सुलभ संसाधनों सहित कराई जाएगी। यात्रा मे सम्मिलित होने वाले सभी भक्तों के लिए यात्रा के लिए विशेष सुविधाजनक वाहन, भोजन प्रशाद, रहने, रुकने के लिए यात्री निवास की व्यवस्थाएं की जाएगी। यात्रा के इच्छुक श्रद्धालु खेड़ापति भागवत समिति से संपर्क कर सकते हैं।

