Skip to content
Saturday, 10 October 2026
हरदा

दिनदहाड़े अपराध…. महिला के गले से सोने की चेन खींचकर भागा बदमाश

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। जिला मुख्यालय पर सिटी कोतवाली से महज चंद कदमों की दूरी पर अज्ञात बदमाश महिला के गले से सोने की चेन खींचकर भाग गया। घटना सुबह साढ़े 11 बजे के आसपास स्टेट बैंक के सामने की है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी देखने को मिली। मामले में महिला अधिवक्ता की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध कायम कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिवक्ता रेखा चौहान निवासी ड्रीम लैंड कालोनी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि पेशे से वकालात करती हूॅ। हर रोज की तरह मंगलवार को अपने भतीजे के साथ स्कूटी पर घर से कोर्ट के लिये निकली थी। स्कूटी भतीजा विजेन्द्र चला रहा था। इस दौरान स्टेट बैंक तिराहे से कुछ कदम आगे यानि बैंक के मुख्यद्वार के पास काले रंग का लोवर, सफेद रंग की मटमैली टीशर्ट तथा गले मे सफेद गमछा डाले एक दुबला पतला व्यक्ति दौड़ता हुआ स्कूटी तक आया और गले में पहनी सोने की चैन पर झपट्टा मार दिया। अचानक चेन खींचते ही वे घबरा गई। वहीं चेन खींचने वाला बदमाश सब्जी मंडी की तरफ भाग खड़ा हुआ। इस दौरान चेन में लगा पेंडल साड़ी में उलझकर रह गया। फरियादी श्रीमती चौहान के मुताबिक उनकी चेन का वजन करीब दो तोला है, जो कि 6-7 साल पुराना है। जिसकी तकरीबन कीमत 65 हजार रुपये बताई है। उन्होंनें यह भी बताया कि इसके तुरंत बाद पीछे से आ रहे लखन दुबे और विपिन दुबे को घटना के बारे में बताया। साथ ही ये दावा भी किया कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को वे पहचान लेंगी। रिपोर्ट करते समय अन्य अधिवक्ता मौजूद थे। इधर, मामले को गंभीर मानते हुए जिला अधिवक्ता संघ ने इसी दिन कलेक्ट्रेट पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा है। जिसके माध्यम से घटना कारित करने वाले बदमाश की गिरफ्तारी की मांग की है।

सीसीटीवी में कैद आरोपी

बता दें कि घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें बाईक पर दो बदमाश दिखाई दे रहे हैं। इनमें एक आरोपी का हुलिया हू-ब-हू वैसा दिख रहा है, जो फरियादिया ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया है।

चैन स्नेचिंग चिंताजनक  

इधर, मुख्यालय पर दिनदहाड़े चैन स्नेचिंग की वारदात ने आमजन को सोचने पर विवश कर दिया है। वहीं उनके बीच सुरक्षा के लिहाज से अतिरिक्त सावधानी बरतने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।

87 Views
What do you think?

Leave a Reply