अनोखा तीर, बैतूल। शादी में मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि चाकू चल गए। जिसमें एक की मौत हो गई और एक घायल हो गया। घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के हाथीकुंड गांव की है, जहां रविवार की रात शादी समारोह में फोटो खिंचवाने को लेकर चाकू चल गए थे। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। मृतक का आज पोस्ट मार्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया गया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। शाहपुर एसडीओपी एचएल शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हाथीकुंड गांव में शादी में चाकूबाजी की घटना की हो गई है। जिसको लेकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। उन्होंने बताया कि हाथीकुंड निवासी दिनेश यादव की बेटी की शादी थी। वरमाला के बाद दुल्हा-दुल्हन के साथ फोटो खिंचवाने के लिए फोटो सेशन चल रहा था। अपनी बहन (बुआ की लड़की की शादी में कोदारोटी निवासी चंद्रशेखर उर्फ बीरबल यादव एवं मोहन यादव शामिल हुए थे। फोटो खिंचवाने के लिए दोनों परिवार के साथ मंच पर चढ़े थे। इस दौरान आरोपी पक्ष की तरफ महिलाओं को देखकर कमेंट्स किया। जिसको लेकर पीड़ित पक्ष ने विरोध किया और इसके बाद-विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। दोनों पक्षों में झूमाझटकी हो गई।
सीने में ताबड़तोड़ वार
विवाद में लावन्या निवासी विक्रम यादव ने चाकू से चंद्रशेखर उर्फ बीरबल यादव के सीने में ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस दौरान देवेंद्र यादव ने चंद्रशेखर को पकड़कर रखा था। घटना के दौरान मोहन यादव को भी सिर में चाकू से वार किया गया। बीरबल यादव को परिजन पाढर अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहन यादव के सिर में चोट लगी है। जिसका इलाज कराया गया। आज पुलिस ने बीरबल यादव की लाश का बैतूल जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना में आरोपी विक्रम यादव और देवेंद्र यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों ही आरोपी घटना के बाद से फरार हो गए।
Views Today: 2
Total Views: 82

