खंडवा : ओंकारेश्वर के समीप मां नर्मदा के तट पर जैन धर्मावलंबियों का आस्था का केंद्र सिद्ध क्षेत्र सिद्धवरकूट तीर्थ स्थापित है। इस पर प्रतिदिन देशभर के यात्रियों का आना होता है। समाज के सचिव सुनील जैन ने बताया कि बांध बनने के पूर्व ओमकारेश्वर से नाव के माध्यम से तीर्थयात्री सिद्धवरकूट दर्शन करने पहुंचे थे, लेकिन बांध बन जाने के कारण अब यह रास्ता बंद हो गया और 35 किलोमीटर घूमकर बड़वाह से तीर्थयात्रियों को सिद्धवरकूट पहुंचना पड़ता है। रात्रि 9 बजे के बाद बड़वाह से यात्रियों को वन विभाग द्वारा जाने नहीं दिया जाता। जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का हल यह है कि ओमकारेश्वर से सिद्धवरकूट जाने के लिए पुल का निर्माण हो जाए तो यह समस्या दूर हो सकती है।
वर्षों से देशभर का जैन समाज सरकार से पुल बनाने का बनाने का अनुरोध कर रहा है। तीन दिवसीय प्रवास पर ओमकारेश्वर पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने पुल निर्माण को लेकर विधायकों की उपस्थिति में अनुरोध पत्र सौंपकर पुल निर्माण की बात रखी। अनुरोध पत्र में कहा गया है कि जिले व अन्य जिले के सकल जैन समाज द्वारा ओंकारेश्वर से सिद्धवरकूट तक पुल निर्माण किए जाने हेतु अनुरोध पत्रों के माध्यम से किया जा रहा है। इस पुल निर्माण कार्य से महाराष्ट्र, गुजरात, भोपाल, बुरहानपुर, खण्डवा, सनावद आने वाले जैन समाज के धार्मिकजनों के लिए अत्यंत सुगमता से ओंकारेश्वर एवं सिद्धवरकूट के दर्शन हो सकेंगे। जिसके तारतम्य में ओंकारेश्वर में बंगाली बाबा आश्रम से बर्फानी बाबा आश्रम तक बन रहे पुल तथा आदि गुरू शंकराचार्य जी की प्रतिमा स्थापना स्थल तक बनाए जा रहे पहुँच मार्ग से सीता माता मंदिर तक पहुंचा जाकर प्रस्तावित पुल से सिद्धवरकूट पहुंचना सुगम होगा। इस हेतु मध्यप्रदेश विधानसभा की याचिका पत्र याचिका के 1672 म.प्र. शासन लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण को प्रषित किया जा चुका है। कावेरी नदी पर 12 मीटर चौडाई में 600 मीटर लंबाई पुल निर्माण एवं 1.2 कि.मी. लंबाई में पहुंच मार्ग का निर्माण किए जाने हेतु अनुरोध किया है जिसमें दोनो पहाडिय़ों को पुल से जोड़ा जा सकता हैं। इससे सिद्धवरकूट पहुंचना अत्यंत सुगम होगा। इस कार्य की स्वीकृति शीघ्र प्रदान करने की कृपा करे। पत्र की गंभीरता को समझते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनहित में निर्माण होना चाहिए। उन्होंने संभागायुक्त को पत्र सौंप कर किस प्रकार पुल का निर्माण किया जा सकता है, जानकारी देने के निर्देश दिए। पुल निर्माण की बात मुख्यमंत्री के समक्ष रखने के लिए जैन सामाजिक बंधुओं ने सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक देवेंद्र वर्मा, नारायण पटेल, सचिन बिरला का आभार माना।
Views Today: 2
Total Views: 182

