Skip to content
Tuesday, 13 October 2026
हरदा

गुना से भोपाल तक निकलेगी दिव्यांग स्वाभिमान यात्रा

2 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

 

 

अनोखा तीर, हरदा। दिव्यांगों ने एक बार फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। पहली बार 9 किलोमीटर, दूसरी बार 35 किलोमीटर और अब तीसरी बार 230 किलोमीटर की यात्रा करने जा रहे है दिव्यांगजन। यह निर्णय लेना दिव्यांगों के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नही है। फिर भी दिव्यांग अपनी आवाज सरकार एवं जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस भीषण गर्मी के समय में यह यात्रा करने जा रहे हैं। इसके लिए पूर्व में गुना में ही तीन बार अत्यंत गोपनीय तरीके से प्रदेश स्तरीय बैठकें आयोजित हो चुकीं है। मीडिया में जिसकी कोई जानकारी नहीं दी गई, इसी बात से यह अनुमान लगाया जा सकता है कि दिव्यांग अपनी तैयारी को सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं। स्वाभिमान यात्रा के मीडिया प्रभारी सुनील पंत का कहना है कि दो बार दिव्यांग स्वाभिमान पद यात्रा निकल चुकी है, और दोनों ही बार हमें आश्वासन मिले है लेकिन अभी तक हमारी16 सूत्रीय मांगों का कोई निष्कर्ष निकलकर नहीं आया। हम भी पीछे हटने वाले नही हैं, अब हम गुना से भोपाल तक यात्रा निकलेंगे, जब तक हमारी मांगे पूरी नही होंगी, तब तक हम चैन से बैठने वाले नही हैं। दो बार हमें मध्यप्रदेश शासन के मंत्रियों महेंद्र सिंह सिसोदिया पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री, एवं प्रभुराम चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री इन दोनों मंत्रियों ने हमें झूठे आश्वासन देकर हमारे साथ छल किया है। दोनों बार हमें मुख्यमंत्री जी से मिलवाने को कहा गया लेकिन अभी तक हमारी मुलाकात मुख्यमंत्री जी से नही करवाई गई, अब हम गुना से भोपाल तक यात्रा करके पहुंचकर ही मुख्यमंत्री जी से मिलेंगे। हम 14 मई को गुना कलेक्ट्रेट से मुख्यमंत्री निवास भोपाल के लिए यात्रा शुरू करेंगे, दो बार असफल होने के बाद भी हमारा आत्मविश्वास कम नहीं हुआ है, जब तक हमारी मांगे पूरी नही हो जाती हमारी लड़ाई जारी रहेगी। इस बार इस लड़ाई में कई बड़े बड़े संगठन हमारे साथ आ रहे हैं। हरदा जिले के दिव्यांग भी इस यात्रा में शामिल होने के लिए गुना की ओर रुख करने की तैयारी कर रहे हैं। मध्यप्रदेश के सभी जिलों के दिव्यांग हमारे संपर्क में हैं।

92 Views
What do you think?

Leave a Reply