Skip to content
Tuesday, 13 October 2026
हरदा

किसानों की डेढ़ करोड़ की मिर्ची खरीदकर गायब हुआ व्यापारी

3 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

 

अनोखा तीर, सिराली। सिराली क्षेत्र के बंदीमुहाड़िया एवं आसपास के ग्रामों में किसानों ने परंपरागत कृषि को छोड़कर इस आस में मिर्च की फसल लगाई थी कि उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। अथक मेहनत के बाद किसानों के खेत मिर्च की फसल से लहलहा भी उठे। रिकार्ड तोड़ उत्पादन भी हुआ, लेकिन महाराष्ट्र के दो व्यापारियों ने उनकी उम्मींदों पर पानी फेर दिया। जानकारी के अनुसार किसानों से मिर्च खरीदने वाले दो दलाल भाइयों ने करीब १०० किसानों से मिर्च खरीदी के बदले दिए जाने वाले भुगतान की करीब डेढ़ करोड़ रुपयों की राशि लेकर गायब हो गए। बीते 4 माह से उक्त दलालों का मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। हैरान-परेशान किसान यहां-वहां भटक रहे। पिछले 4 माह से दलालों से मिर्च के भुगतान की उम्मीद में कई किसानो को ब्याज पर रुपए उठाकर काम चलाना पड़ा तो कई किसान भुगतान अटकने से कर्जदार हो गए। काफी खोजबीन और तलाश के बाद अब जाकर किसानों ने कानून की मदद लेने की शुरुआत की है। बुधवार को गायब दलालों से पीड़ित किसानों ने पुलिस थाना पहुंचकर अपना शिकायती आवेदन दिया और पुलिस से आरोपियों से मिर्ची का भुगतान दिलाने की मांग की। ग्राम रहटांकला के किसान संदीप पटेल ने बताया कि उन्होंने 6 एकड़ जमीन में मिर्ची की फसल लगाई थी दलालों से उनका 531000 का भुगतान लेना शेष है। इसके चलते उन्हें बाजार से कर्ज लेकर काम चलाना पड़ रहा है। इसी प्रकार मुकेश बांके जिनवानिया 927000, गणेश बांके बंदिमुहाढ़िया 16 लाख रामशंकर बुचा सिराली 3 लाख 70 हजार जगदीश बूचा सिराली 6 लाख 80 हजार, दिनेश मुकाती बंदी मुहाड़िया 5 लाख, राकेश भायरे 3 लाख 70 हजार, चंद्रकांत छलोत्रे रहटांकला 5 लाख, राजेश बांके 8 लाख 75 हजार। इस प्रकार करीब 60 किसानों से १ करोड़ 32 लाख रुपए की जानकारी पुलिस को दी गई है। इसके अलावा भी कई किसान ऐसे हैं जो अभी तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा पाए हैं। इस संबंध में सहायक पुलिस उप निरीक्षक पूनमचंद वीके ने बताया कि थाना क्षेत्र में थाना के आसपास 50-60 किसानों ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन संदीप पटेल रहटाकला वालों के साथ दिया है। मामले में आरोपित अशोक मगरे, विजय मगरे उर्फ संदीप दोनों आपस में भाई निवासी जामनेर महाराष्ट्र बताए गए हैं। इन्होंने किसानों से नवंबर 2022 से फरवरी 2023 तक किसानों से खरीदे माल का पैसा नहीं दिया। मामले में पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ धारा 409, 420 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। बताया जाता है कि दोनों दलाल भाई पिछले 1 वर्ष से क्षेत्र में किसानों के खेतों में पहुंचकर सीधे माल खरीद रहे थे। बीते 1 वर्ष के दौरान उन्होंने क्षेत्र के किसानों के बीच अपनी पहचान बनाई और मिर्ची खरीदी के अन्य दलालों से हमेशा १-2 रुपए किलो भाव बढ़ाकर किसानों से मिर्ची की उपज खरीदते थे। किसानों ने बताया कि पिछले एक वर्ष तक उनका लेनदेन साफ रहा। इसके बाद पिछले दिनों नवंबर से फरवरी तक का भुगतान रोक कर दोनों दलाल भाई गायब हो गए।

—————————

85 Views
What do you think?

Leave a Reply