गर्मी के मौसम में लू से बचाव के उपाय  

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, हरदा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एच.पी. सिंह ने वर्तमान में गर्मी को देखते हुए जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे लू के प्रभाव को गंभीरता से लें और इससे बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां रखें और सुरक्षित रहें।

क्या करें

डॉ. सिंह ने बताया कि लू से बचाव के लिए घर से बाहर निकलने के पहले भरपेट पानी अवश्य पीयें। सूती, ढ़ीले एवं आरामदायक कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय अपना सिर ढककर रखें, टोपी, कपड़ा अथवा छतरी का उपयोग करें। पानी, छांछ, ओआरएस का घोल या घर के बने पेय पदार्थ जैसे- लस्सी, नींबू पानी, आम का पना, इत्यादि का सेवन करें तथा भरपेट ताजा भोजन करके ही घर से निकलें, धूप में अधिक न निकलें।

क्या न करें

डॉ. सिंह ने बताया कि धूप में खाली पेट न निकलें, पानी हमेशा साथ में रखें, शरीर में पानी की कमी न होने दें, धूप में निकलने के पूर्व तरल पदार्थ का सेवन करें, मिर्च मसाले युक्त एवं बांसी भोजन न करें, बुखार आने पर ठंडे पानी की पट्टी रखें, कूलर या एयर कंडीशन से धूप में एकदम न निकलें तथा धूप में अधिक न निकले।

लू के लक्षण

डॉ. सिंह ने बताया कि सिर दर्द, बुखार, उल्टी, अत्याधिक पसीना एवं बेहोशी आना, कमजोरी महसूस होना, शरीर में ऐंठन तथा नब्ज असामान्य होना इत्यादि लू के प्रमुख लक्षण है। उन्होने बताया कि लू लगने पर व्यक्ति को छायादार जगह पर लिटा दें, व्यक्ति के कपडे ढीले करें। उसे पेय पदार्थ कच्चे आम का पना आदि पिलायें, तापमान घटाने के लिए ठंडे पानी की पट्टियाँ रखें तथा प्रभावित व्यक्ति को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में ले जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें।

101 Views

Leave a Reply

error: Content is protected !!