Skip to content
Wednesday, 14 October 2026
खंडवा

चना चुराते युवक को पकड़ा, जमकर की मारपीट

3 min read
Text Size:

 

अनोखा तीर, खंडवा। चोरी की आशंका में एक युवक की पिटाई कर अधमरी अवस्था में नदी किनारे फेंकने का मामला सामने आया है। परिजन का आरोप है कि युवक को पीटा गया और अधमरा छोड़ दिया गया। जब पुलिस उसे अस्पताल ले गई, तब उसने दम तोड़ दिया। परिजन अब इस मामले में जांच कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं तो वहीं पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने के बाद कार्रवाई की बात कह रही है। मामला खंडवा जिले के छैगांवमाखन थाना क्षेत्र का है। पुलिस में शिकायत हुई है कि ग्राम छोटी छैगांव के एक पटेल के यहां 4 लोग चने चुराने पहुंचे थे। आधे चने चुराए और आधे छोड़ दिए। ग्रामीण जाग गए थे। इसके बाद अलसुबह पुलिस को सूचना मिली कि नदी किनारे एक युवक अधमरा पड़ा है। पुलिस ने इसे अस्पताल पहुंचाया। इस बीच युवक की मौत हो गई। वहीं, परिजन ने इस मामले में कहा कि शेख फिरोज के साथ सामूहिक मारपीट हुई है। उसे इतना मारा गया कि इसकी चमड़ी उधेड़ दी गई। परिजन ने कहा कि गांव के कुछ लोगों ने चार व्यक्तियों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट कराई है। इनमें से शेख फिरोज अधमरा मिला और उसने दम तोड़ दिया। जबकि तीन अन्य लापता है। परिजन का आरोप है कि सामूहिक मारपीट की वजह से शेख फिरोज की जान गई है। इस मामले में खंडवा जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम रूम के बाहर परिजन जुटे और कार्रवाई की मांग की। पुलिस फिलहाल मॉब लिंचिंग से इनकार कर रही है और पूरे मामले की जांच की बात कह रही है। मृृतक के भाई अनवर का कहना है कि फिरोज जब पुलिस को घायल अवस्था में मिला था तो वह जिंदा था, उसके साथ अन्य लोगों ने बेरहमी से मारपीट की है। उसके शरीर पर कोई जगह नहीं बची जिस पर घाव न हो, उसे क्यों मारा गया? हमें जानकारी नहीं। अनवर ने कहा कि मेरे भाई ने चोरी भी की थी तो उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर देते, इस तरह से उसे जान से मारने की क्या जरूरत थी। पुलिस इस मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करें।

डीएसपी हेडक्वार्टर अनिल चौहान ने बताया कि शनिवार रात में चार लोग छैगांवदेवी में पहुंचे थे। वहां घरों में रखी चने की फसल चोरी करने की शिकायत मिली थी, जिस पर रात में 3 बजे एक एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले की विवेचना चल रही है। रविवार सुबह 6 बजे डायल-100 को एक सूचना मिली थी कि छोटी छैगांव के बाहर नदी किनारे एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। डायल-100 ने उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल में पहुंचाया तब तक उसका नाम, पता मालूम नहीं था। जब घायल युवक की पतारासी की गई तो पता चला कि घायल युवक शेख फिरोज खंडवा निवासी है। मृतक युवक के खिलाफ खंडवा के अलग-अलग थानों में अपराध भी दर्ज है। उनके परिवार वालों ने भी एक आवेदन दिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

121 Views
What do you think?

Leave a Reply