
खंडवा। शहर में सिंधी समाजजनों द्वारा अपने ईष्ट देव भगवान श्री झूलेलाल का जन्म उत्सव चेट्रीचंड महोत्सव के रूप में बड़ी श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। चेट्रीचंड महोत्सव के मौके पर सिंधी कॉलोनी स्थित प्राचीन श्री झूलेलाल मंदिर से युवाजनों की मौजूदगी में ऐतिहासिक वाहन रैली नगर के विभिन्न मार्गो से निकाली गई। श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल एवं श्री झूलेलाल समर्थ पैनल के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम बार मातृशक्ति बड़ी संख्या में शामिल हुई। समाज के महंत बाबा स्वरुपदास का आशीर्वाद लेकर श्यामधाम से मोघट रोड, शिवाजी चौक, जलेबी चौक, नगर निगम, घंटाघर, बाम्बे बाजार, दूध गली, बुधवारा बाजार, मां हिंगलाज मंदिर, तीन पुलिया, रेलवे स्टेशन से होते हुए सिंधी कॉलोनी झूलेलाल मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। अनेक संगठनों ने जगह-जगह रैली का पुष्प वर्षा से अभूतपूर्व स्वागत कर प्रसादी का वितरण किया गया। पैनल सचिव रजत मंगवानी एवं प्रवक्ता निर्मल मंगवानी ने बताया कि पर्व की पूर्व रात्रि बुधवार को ठीक 12 बजे श्री झूलेलाल मंदिर परिसर के साथ ही नगर में निवासरत समाजजनों द्वारा अपने घरों की छतों से रंगबिरंगी आतिशबाजी कर आकाश को गुंजामान कर दिया। मुख्य दिवस गुरुवार प्रात: 10 बजे से एक ऐतिहासिक विशाल वाहन रैली पैनल एवं श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल के सदस्य, समाजजनों एवं प्रथम बार बड़ी संख्या में सिंधी कॉलोनी एवं पदम नगर मातृशक्ति की उपस्थिति में हाथों में भगवा ध्वजा एवं सफेद सलवार सूट के साथ भगवा दुपट्टा पहनकर श्री झूलेलालजी के गगनभेदी जयकारों के साथ निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में मातृशक्ति, श्री झूलेलाल नवयुवक मंडल एवं श्री झूलेलाल समर्थ पैनल के सदस्य मौजूद थे।


