Skip to content
Thursday, 22 October 2026
खरगोन

सद्भावना का संदेश खरगोन से पूरे प्रदेश में जायेगा

3 min read
Text Size:

 

 

शांति समिति की बैठक सम्पन्न

खरगोन 18 मार्च 23/कलेक्टर श्री शिवराज सिंह वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को मार्च माह में मनाए जाने वाले त्योहारों के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। कलेक्टर श्री वर्मा ने शांति समिति के सदस्यों से कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले आपत्तिजनक मैसेजेस हम सब मिलकर रोक सकते हैं। किसी भी ग्रुप में ऐसे संदेश देखे जाए तो तत्काल पुलिस के संज्ञान में लाएं और आगे प्रसारित नहीं हो इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी। साथ ही सोशल मीडिया और कंट्रोल रूम के लिए हेल्पलाइन नम्बर जारी किया जाएगा। एसपी श्री धर्मवीर सिंह ने सदस्यों से कहा कि सोशल मीडिया की निगरानी के लिए एक विशेष दल बनाया गया है जो हर समय सोशल मीउिया को वॉच कर रहे है। इसके लिए विशेष सामग्री भी उपयोग की जा रही है। रामनवमी पर निकलने वाले श्रीराम जुलूस का स्वागत शहर के सभी समाजों द्वारा जगह जगह पर स्वागत करते हुए फूल बरसाए जाएंगे। शांति समिति के सदस्य श्री अजीजुद्दीन शेख ने कहा कि मुस्लिम समाज द्वारा कई स्थानों पर स्वागत करेगा। इस बार खरगोन से पूरे प्रदेश में शांति सद्भावना का संदेश दिया जाए। इसके लिए मुस्लिम समाज द्वारा बड़े स्तर पर प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि विभिन्न समाजों द्वारा सद्भावना का संदेश देने के लिए सोशल मीडिया पर सकारात्मक माहौल बनाने के लिए समाज और कमेटियों के सदस्य या प्रतिष्ठान संचालक सोशल मीडिया के जरिये सद्भावना के संदेश प्रसारित करेंगे। बैठक में 22 मार्च गुड़ी पड़वा से 30 को रामनवमी, 4 अप्रैल को महावीर जयन्ती, 6 को हनुमान जयंती, 7 को गुड़फ्रायडे, 14 को अंबेडकर जयंती, 22 को परशुराम जयंती और ईद-उल-फितर त्योहारों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं पर भी चर्चा के बाद निर्देशित किया गया।

 

अनुमतियां नियमों के मुताबिक दी जाती है, पालन कराया जाएगा

 

एसपी श्री सिंह ने विभिन्न आयोजनों को लेकर प्रशासन द्वारा दी जाने वाली अनुमतियों को लेकर कहा कि नियमों और शर्तों के अधीन अनुमतियां प्रदान की जाती है। इसका पालन कराया जाएगा। इस संबंध में डीजे संचालकों के साथ पृथक से बैठक कर प्रसारित करने वाले गानों तथा आवाज को लेकर समझाइश दी जाएगी। साथ ही पवित्र आयोजनों में नशे के दुरुपयोग को रोकने पर भी प्रयास किये जायेंगे। एसपी श्री सिंह ने कहा कि शहर के सद्भाव के लिए अच्छे लोगों को बड़े आयोजनों में आकर योगदान देना चाहिए। वही त्योहारों के दौरान भी आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जायेगी।

 

रामनवमी पर निकलने वाले जुलूस और अन्य त्योहारों पर यह भी होगा

 

कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि शांति समिति के सदस्यों का फील्ड में असर नजर आना चाहिए। वे सभी आवश्यक रूप से जुलूस और अन्य आयोजनों में शामिल होंगे। साथ ही सभी पार्षदों को वार्ड की जिम्मेदारियां सौंपी जाएगी। इसके लिए भी पृथक से बैठक होगी। वही निकलने वाली झांकियों के लिए समितियां वॉलेंटियर बनाएगी और उन्हें कुछ विशेष केप बैच या टीशर्ट या अलग से पहचान दी जाएगी। गणगौर पर्व तक के लिए कुन्दा नदी में जरूरत के अनुसार पानी भरा जाएगा। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जेएस बघेल, केके मालवीय, एएसपी श्री मनीष खत्री, एसडीएम श्री ओएन सिंह, एसडीओपी श्री राजेश शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष श्री मति छाया जोशी, पूर्व विधायक श्री परसराम डंडीर व सभी सदस्य तथा विभिन्न समाजों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।

99 Views
What do you think?

Leave a Reply