खंडवा। शहर में तोपों से बरसते रंगीन पानी, 5 क्विंटल गुलाल और दो क्विंटल रंग बिरंगे फूलों व रंगों की खुमारी में नाचते लोगों और छतों, खिड़कियों से निहारकर मुस्कुराती आंखों के जादू ने माहौल ही रंगीन कर दिया। शहर में नगर निगम से रेलवे स्टेशन तक निकली पांरपंरिक गेर में लगा मानो आधा खंडवा ही शामिल हो उठा हो। रविवार को रंग पंचमी पर श्री राधाकृष्ण फाग यात्रा निकली। इसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल रहे। बिना किसी भेद, बिना किसी पहचान के एक दूसरे के साथ हुल्लड़ मचाते, नाचते, गाते, झूमते, रंग डालते घंटों तक आनंद मनाते रहे।
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि विधायक देवेंद्र वर्मा विगत 15 साल से गेर का आयोजन करते आ रहे हैं। इस बार भी शहर में विधायक वर्मा के नेतृत्व में निकली गेर में राधा कृष्ण बनकर भी एक जोड़ा साथ चल रहा था। लोग भी एक दूसरे पर लगभग 5 क्विंटल फूल फेंकते देखे गए। सब में उल्लास और उमंग साफ दिख रही थी। बड़ी बात यह थी कि महिलाएं भी इस गैर में सम्मान के साथ चल रही थी। उनका सम्मान भी लोगों ने बराबर किया। इसे श्री राधाकृष्ण फाग यात्रा का नाम दिया गया। लोगों ने भी स्टाल लगाकर निकली फाग यात्रा का स्वागत किया। देवेंद्र वर्मा और उनकी टीम मुख्य रूप से इस गैर में चल रहे थे।
राधाकृष्ण फाग यात्रा प्रात: 11.00 बजे नगर निगम प्रागंण से निकाली जो टाउन हाल, घंटाघर, बांबे बाजार, केवलराम पेट्रोल पंप होते हुए पार्वतीबाई धर्मशाला पहुंचकर समाप्त हुई। इस फाग यात्रा में डीजे साउंड के साथ आर्केस्ट्रा पार्टी द्वारा रंगारंग गीतों की प्रस्तुति दी गई। पहली बार फाग यात्रा में बेतूल के कलाकारों ने गम्मत की की शानदार प्रस्तुति दी। तोप से यात्रा मार्ग पर पांच क्विंटल अलग-अलग रंगों का गुलाल और 2 क्विंटल फूलों की बौछार यात्रा में शामिल नगरजन पर की गई।
पंधाना में श्री राधाकृष्ण फाग यात्रा में झूमे लोग
पंधाना विधानसभा क्षेत्र में युवा विधायक और प्रदेश प्रवक्ता राम दांगोरे के नेतृत्व में दूसरी बार रंग पंचमी पर श्री राधाकृष्ण फाग यात्रा निकाली गई। फाग यात्रा विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी समाजजन और भाजपा परिवार के लोग मांदल की थाप और डीजे की धुन पर झूमते नजर आए। नगरवासियों ने विधायक राम दांगोरे को रंग-गुलाल लगाकर पंचमी पर्व की शुभकामना दी। विधायक दांगोरे ने भी रंग-गुलाल उड़ाकर सभी का अभिवादन किया और मांदल की थाप पर जमकर झूमे। फाग यात्रा में तोप से गुलाल की वर्षा की गई। फव्वारे से पानी की बौछार में नहाते हुए मांदल व मृदंग की थाप पर फाग गीतों पर जमकर झूमे। विधायक राम दांगोरे ने बताया कि रंगपंचमी के अवसर पर पंधाना में श्री राधाकृष्ण फाग यात्रा का आयोजन किया गया। प्रात: 10 बजे त्रिवेणी चौक से प्रारंभ हुई फाग यात्रा ने पूरे नगर में भ्रमण किया। फाग यात्रा में विधानसभा क्षेत्र के आदिवासी भाईयों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने तोप से बरसे गुलाल का आनंद लिया वहीं एक-दूसरे को गुलाल का तिलक लगाकर पंचमी की शुभकामना देते हुए मांदल और मिरदिंग की थाप पर झूमते हुए पंचमी का उत्सव हर्षोल्लास से मनाया।
Views Today: 2
Total Views: 70