खरगोन 11 मार्च 2023/कलेक्टर श्री शिवराज सिंह वर्मा की अध्यक्षता में गत दिवस देर शाम को जिले के समस्त बैंकर्स के साथ मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना और मप्र व भारत शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन व लक्ष्यपूर्ति की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। लाडली बहना योजना के क्रियान्वयन के सम्बंध में कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि पात्र बहनाओं को मुख्यमंत्री लाडली बहना का लाभ दिलाने के लिए राष्ट्रीयकृत बैंकों में एक डेेडीकेटेट कर्मचारी इसी कार्य के लिए नियुक्त करने और बैंक में लाड़ली बहना योजना के लिए स्पेशल हेल्प डेस्क स्थापित किया जाए। जिसमें केवल केवाईसी, डीबीटी व फार्म भरने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा बैंक के बाहर तथा ग्राम पंचायत में भी बैंक का नाम तथा ईकेवायसी तथा डीबीटी का कार्य करने वाले कर्मचारी का नाम तथा मोबाईल नंबर अंकित किया जाएगा। वहीं बीसी से प्राप्त नये खातों की जानकारी उसी दिवस बैंक में प्रोसेस कर ली जाएगी। कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि योजना के तहत 23 से 60 आयु वर्ग की जिन पात्र महिलाओं के बैंक में खाते नहीं खुले हैं उनके खाते प्राथमिकता के साथ बीसी तथा पोस्ट ऑफिस में खोले जाने की कार्यवाही की जाए। सभी बैंकर्स को बैंक ब्रांच में जिन महिलाओं के पुराने खाते है उन खातों की एक्टिव और डिएक्टिव खातों की जांच, ई केवायसी तथा डीबीटी का कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिये हैं।
जनपदों व नगरीय निकायों में लाडली बहना योजना के लिए कंट्रोल रूम हो
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी जनपदों व नगरीय निकायों में कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए है। इस कंट्रोल रूम के माध्यम से ही योजना में आ रही समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इस कार्य के लिए विकास दूत व विकास प्रेरक का भी सहयोग लेकर पात्र महिला हितग्राहियों को लाभांवित किया जा सकता है। इसके अलावा कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि जिन महिला हितग्राहियों के आधार कार्ड एमपी या जिले के बाहर के तथा वो जिले की निवासी है। उनके आधार कार्ड आधार केन्द्र पर यहां का एड्रेस प्रूफ (पुख्ता दस्तावेज) देकर संशोधन करवा सकते हैं।
खादी ग्रामोद्योग के अधिकारी बैठक में नहीं हुए उपस्थित शोकॉज होगा जारी
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने उद्यम क्रांति योजना, हाथकरघा, मत्स्य पालन, सामाजिक आर्थिक कल्याण, केसीसी, भीमराव अम्बेडकर तथा बिरसा मुंडा, टंट्या योजना सहित शासन की अन्य योजनाओं के संबंधित अधिकारियों से अब तक कितने हितग्राहियों के प्रकरणों को स्वीकृत किया है और लक्ष्य से शेष रहे प्रकरणों को जल्द से जल्द स्वीकृत कर निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा कलेक्टर श्री वर्मा ने शासन द्वारा लागू की गई महत्वकांक्षी योजनाओं में बैंकर्स द्वारा कितने प्रकरणों को स्वीकृत किया गया है तथा निरस्त किए गए प्रकरणों की वजह जानी। कलेक्टर श्री वर्मा ने योजनाओं के तहत एसबीआई बैंक द्वारा शासन की कई योजनाओं के प्रकरणों को स्वीकृत करने में कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं करने पर अप्रसन्नता व्यक्त की। योजनाओं के प्रकरणों की समीक्षा कर रहे कलेक्टर श्री वर्मा ने केनरा बैंक, यूनियन बैंक एवं अन्य जो भी बैंक के अधिकारी उपस्थित नहीं थे उनसे प्रतिवेदन प्राप्त कर एसएलसीसी लिखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा खादी ग्रामोद्योग विभाग से कोई भी अधिकारी उपस्थित नहीं होने पर उनके विरूद्ध शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिये हैं। बैठक में अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ श्री पुरूषोत्तम पाटीदार, महिला एवं बाल विकास की जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रत्ना शर्मा, खरगोन नपा सीएमओ श्रीमती प्रियंका पटेल, एनआरएलएम की श्रीमती सीमा निंगवाल सहित बैंक प्रतिनिधि उपस्थित थे।

बिरसा मुंडा व टंट्या मामा योजना में आगामी 15 दिवस में लक्ष्य प्राप्त करें
कलेक्टर श्री वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा एवं टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना के प्रकरणों में विभाग द्वारा अभी तक कोई उल्लेखनीय प्रगति नहीं करने पर अप्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही आगामी 15 दिवस में लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी बैंकर्स से कहा कि भगवानपुरा एवं झिरन्या के जिन प्रकरणों को बैंको द्वारा दूरी के कारण प्रकरण निरस्त कर दिये हैं उन सभी प्रकरणों पर पुर्नविचार कर स्वीकृत करने का प्रयास किया जाए।
Views Today: 2
Total Views: 106

