दैनिक अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश सरकार में प्रदेश में व्याप्त शासकीय विभागों में अधिक पदों पर भर्ती करने हेतु आदेश पारित कर दिए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा के अनुसार अब एक लाख पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। जानकारी के अनुसार वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न 21 विभागों में 93 हजार 681 पद रिक्त पड़े हुए हैं। इन सभी पदों के लिए अब भर्ती का रास्ता आसान हो गया है। गत 16 नवंबर को जारी हुए शासन के आदेश अनुसार जिन विभागों में 50 पद रिक्त हैं उसके लिए एक बार में ही पूरी भर्ती की जाएगी। इसी तरह जिन विभागों में 51 से अधिक 500 तक पद खाली है वहां दो चरणों में भर्ती की जाएगी तथा 500 से अधिक रिक्त पदों वाले विभागों में तीन चरणों में भर्ती की जाएगी। जानकारी के अनुसार संपूर्ण प्रदेश में शिक्षा विभाग में लगभग 45000 पद रिक्त हैं इसी तरह चिकित्सा विभाग में भी लगभग 13000 पद रिक्त हैं वही आदिम जाति कल्याण विभाग में लगभग 8000 पद रिक्त होना बताया जा रहा है। एक लाख पदों की भर्ती में 20 प्रतिशत संविदा कर्मियों के लिए आरक्षित किया गया है, परंतु उन्हें भी विभागीय परीक्षा का सामना करना अनिवार्य होगा।

