Skip to content
Thursday, 26 November 2026
हरदा

हरदा आदर्श महाविद्यालय में स्वच्छता जागरूकता संगोष्ठी आयोजित

2 min read
07 13

-मानव श्रृंखला बनाकर दिया स्वच्छता का संदेश

अनोखा तीर, हरदा। हरदा आदर्श महाविद्यालय, हरदा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आज दिनांक 25 नवम्बर को स्वच्छता जागरूकता अभियान के अंतर्गत संगोष्ठी एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छ वातावरण के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करना था। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के संचालक एवं प्राचार्य उमर रऊफ के मार्गदर्शन में तथा रासेयो कार्यक्रम अधिकारी तपिश सोलंकी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक प्राध्यापक गणेश विश्वकर्मा ने की। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक महेंद्र सोलंकी एवं संदीप खरे ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व, व्यक्तिगत स्वच्छता, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, स्वच्छ वातावरण एवं स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। युवाओं की सक्रिय सहभागिता से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। संगोष्ठी के साथ ही रासेयो स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर के आसपास साफ-सफाई अभियान चलाया गया। परिसर में पहले से लगे हुए वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में उनके थालों का निर्माण किया गया। इसके साथ ही स्वयंसेवकों ने मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया तथा आमजन को स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ स्वयंसेवक विक्की ठाकुर, गंभीर विश्नोई, हंसिका विश्नोई, रुबीना खान, राज्यस्तरीय कैंपर लक्की ओसवाल तथा स्वयंसेवक इशिका, रक्षा, स्वागिता एवं विशाखा सहित अन्य स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की देखभाल के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा समाज में जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply