
-पलेवा के अभाव में रबी फसलों की बुवाई पिछड़ी
-दिसंबर तक खिसक सकता है बुवाई का समय
-अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी नहीं मिली राहत
अनोखा तीर, मसनगांव। जल संसाधन विभाग द्वारा 25 अक्टूबर को एचबीसी कैनाल में पानी छोड़े जाने के एक माह बाद भी पंचोला माइनर की रेलवा शाखा तक पानी नहीं पहुंच पाया है। नहर में पानी आने की उम्मीद लगाए बैठे किसान अब सूखी नहर में पानी तलाश रहे हैं। टेल क्षेत्र के किसानों को पलेवा के लिए पानी नहीं मिलने से रबी सीजन की बुवाई लगातार पिछड़ रही है। हालात यह हैं कि खेत तैयार होने के बावजूद किसान बुवाई शुरू नहीं कर पा रहे हैं। यदि जल्द पानी नहीं मिला तो बुवाई का समय दिसंबर तक खिसक सकता है। किसानों का कहना है कि रबी सीजन की प्रमुख फसलों की बुवाई का उपयुक्त समय निकलता जा रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारी टेल क्षेत्र तक पानी पहुंचाने को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। नहर में पानी छोड़े जाने के बावजूद अंतिम छोर तक पानी नहीं पहुंचना सिंचाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। किसानों ने आरोप लगाया कि पानी वितरण में टेल क्षेत्र के किसानों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। इसका सीधा नुकसान उन किसानों को उठाना पड़ रहा है, जो पूरी तरह नहर के पानी पर निर्भर हैं। किसान राकेश दुगाया ने बताया कि 25 अक्टूबर से नहर में पानी छोड़ा गया था, लेकिन 25 नवंबर तक रेलवा गांव की माइनर में पानी नहीं पहुंचा। एक माह बीतने के बाद भी किसान पलेवा के लिए इंतजार कर रहे हैं। बुवाई में देरी होने से फसल की पैदावार प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि समय पर सिंचाई का पानी नहीं मिलने से खेती की पूरी योजना बिगड़ रही है। किसान राकेश दुगाया, गोपाल गौर, दीपक मीणा, विजेंद्र राजपूत और संतोष गौर ने बताया कि बुवाई का महत्वपूर्ण समय निकल रहा है। विभागीय स्तर पर पानी पहुंचाने की व्यवस्था नहीं होने से किसान परेशान हैं। अधिकारियों को नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी नहीं पहुंचा तो क्षेत्र के किसान आंदोलन करने और सड़क पर उतरकर चक्काजाम करने को मजबूर होंगे।
आश्वासन के बाद भी नहीं पहुंचा पानी
जल संसाधन विभाग की कार्यपालन यंत्री सोनम वाजपेई ने किसानों को सोमवार से रेलवा शाखा में पानी पहुंचने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक सप्ताह बीतने के बाद भी नहर सूखी पड़ी है। अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ रही है। अब किसानों का सवाल है कि जब मुख्य नहर में पानी छोड़े एक माह से अधिक समय हो चुका है, तो टेल क्षेत्र तक पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा।






