अनोखा तीर, हरदा। सेवा संकल्प अभियान के तहत नशामुक्ति अभियान अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा युवाओं एवं आमजन में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से स्थानीय पीएम श्री स्वामी विवेकानंद कॉलेज में शनिवार को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने संवाद, अभिनय एवं मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित नागरिकों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग कमलेश सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश एवं कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के मार्गदर्शन में नशामुक्ति अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करने के लिए सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करना है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को शराब, तंबाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। कलाकारों ने प्रभावी संवाद एवं अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि नशे की शुरुआत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार एवं सामाजिक जीवन को भी प्रभावित कर सकती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने, स्वयं जागरूक बनने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। साथ ही नशे की लत से प्रभावित व्यक्तियों को उचित परामर्श एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित सेवाओं की जानकारी भी दी गई। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने भी नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। विभाग द्वारा बताया गया कि नशामुक्ति के लिए केवल सरकारी प्रयास ही नहीं, बल्कि परिवार, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। विभाग का उद्देश्य जागरूकता के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से बचाना तथा हरदा जिले में स्वस्थ, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक के जरिए नशामुक्ति का संदेश

0 Views




