-तलाशी में मिली 38.15 ग्राम एमडी, तीन गिरफ्तार
अनोखा तीर, हरदा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 38.15 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 7 लाख 60 हजार रुपए है। इसके साथ ही परिवहन में प्रयुक्त ब्रेजा कार भी जब्त की गई है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 11 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम हरदा खुर्द स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास तैनात थी। इसी दौरान छोटी हरदा अंडरब्रिज की ओर से हंडिया तरफ जा रही नीले रंग की ब्रेजा कार पुलिस को देखकर रुक गई। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख चालक ने कार को मोड़कर हंडिया की तरफ भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। कार में चालक सहित तीन लोग सवार थे। पूछताछ में चालक ने अपना नाम आदर्श पिता संतोष राजपूत (24) निवासी देव कॉलोनी हरदा बताया। पीछे बैठे व्यक्तियों की पहचान शाहफैजल उर्फ सानू पिता अख्तर खान (38) निवासी गढ़ीपुरा हरदा और रामभरोस उर्फ राहुल मीना पिता गेंदालाल मीना (32) निवासी ग्राम झालवा, हाल हरिओम नगर हरदा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक कार के भागने का कारण पूछने पर सानू खान ने वाहन में एमडी होने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली। तीनों की व्यक्तिगत तलाशी में कोई अवैध वस्तु नहीं मिली, जबकि विटारा ब्रेजा कार की तलाशी लेने पर पीछे की सीट के बीच प्लास्टिक की पन्नी में हल्का भूरा, हल्का गीला पदार्थ मिला। जांच में यह एमडी (मेफेड्रोन) पाया गया, जिसका वजन 38.15 ग्राम था। पुलिस ने मादक पदार्थ और कार को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आरएस तिवारी, उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम गौर, प्रधान आरक्षक कमलेश, आरक्षक वीरेंद्र, साइबर सेल के आरक्षक मनोज दौहरे और सैनिक सूरज पासी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





