खिरकिया नगर परिषद में वेतन भुगतान में भारी विसंगति

-50 स्थाई कर्मचारी अगस्त माह के वेतन से वंचित
अनोखा तीर, खिरकिया। नगर परिषद खिरकिया में वेतन वितरण में गंभीर अनियमितता का मामला उजागर हुआ है। परिषद में कार्यरत लगभग 50 स्थाई कर्मचारियों को पिछले माह का वेतन अभी तक नहीं मिला है, जबकि लगभग 200 दैनिक वेतन भोगी एवं मस्टर रोल पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को प्रतिमाह नियमित भुगतान किया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी जवाबदारी से कर रहे हैं, फिर भी वेतन में यह भेदभाव किया जा रहा है। बताया गया है कि स्थाई कर्मचारियों के वेतन की राशि शासन द्वारा भोपाल से प्रतिमाह नगर परिषद के खाते में भेजी जाती है। आरोप है कि परिषद द्वारा उक्त राशि को वेतन मद में भुगतान करने के बजाय अन्य मदों में खर्च कर दिया जाता है। कर्मचारियों ने बताया कि पूर्व में जितनी भी परिषदें रही हैं, उनके कार्यकाल में कभी भी स्थाई कर्मचारियों का वेतन नहीं रोका गया। वर्तमान में वेतन न मिलने से स्थाई कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
एसडीएम कार्यालय के कर्मचारियों का वेतन भी नगर परिषद से
इस बीच एक और मामला सामने आया है कि नगर परिषद के कच्चे कर्मचारियों में से एक ड्राइवर और एक भृत्य पिछले कई वर्षों से एसडीएम कार्यालय खिरकिया में कार्यरत हैं, परंतु उनका वेतन भुगतान नगर परिषद खिरकिया द्वारा किया जा रहा है। कर्मचारियों ने जिला कलेक्टर हरदा से मामले की निष्पक्ष जांच कर स्थाई कर्मचारियों का लंबित वेतन शीघ्र जारी करने एवं वेतन मद की राशि के दुरुपयोग को रोकने की मांग की है।
अधिकारी-कर्मचारियों के विरोधाभासी बयान
दिलचस्प बात यह है कि इस मामले में एक ओर जहां कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें जुलाई महीने का वेतन पिछले दिनों में मिला है, जबकि अगस्त महीने का वेतन अभी तक नहीं मिला, अगस्त बीते 21 दिन हो गए हैं। वहीं सीएमओ का कहना है कि कर्मचारियों को नियमित वेतन दिया जा रहा है।
इनका कहना है…
हम स्थाई कर्मचारियों को अगस्त माह का वेतन अभी तक नहीं मिला, जुलाई महीने का वेतन भी अभी पिछले दिनों दिया गया। वेतन नियमित नहीं मिलने से न केवल घर गृहस्थी चलाने में दिक्कत होती है वहीं ईएमआई भी भरने से चूक हो जाती है।
– रवि ओनकर, स्थाई कर्मचारी, नगर परिषद खिरकिया व जिला उपाध्यक्ष भारतीय मजदूर संघ, हरदा

सभी कर्मचारियों को नियमित वेतन दिया जाता है। एसडीएम कार्यालय में नगर परिषद के कर्मचारियों की ड्यूटी काफी पहले से लगी हुई है।
– अखिल राय, सीएमओ, नगर परिषद, खिरकिया

0 Views

Leave a Reply