Skip to content
Sunday, 8 November 2026
हरदा

जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण इवने ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में स्वास्थ्य कार्यकर्ता पदस्थ नहीं है, वहां टीम बनाकर सर्वे कर शत-प्रतिशत गर्भवती महिलाओं का पंजीयन तथा टीकाकरण कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का चिन्हांकन कर उनका उचित प्रबंधन करें। बैठक में प्रभारी सीईओ इवने ने निर्देश दिए कि सभी गर्भवती महिलाओं को प्रसव से पूर्व समय पर बर्थ वेटिंग रूम में भर्ती किया जाए ताकि संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया जाए। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 6 अक्टूबर को 19 वर्ष की आयु तक के बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी तथा इससे छूट गए बच्चों को 9 अक्टूबर को मॉपअप राउंड के तहत एलबेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। इवने ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृमि मुक्ति दिवस की सभी पूर्व तैयारियां पूर्ण करें। सीईओ इवने ने बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि हायपरटेंशन में चिन्हित सभी हितग्राहियों का शत-प्रतिशत फॉलोअप लिया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए। बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और अस्पतालों में दवाओं एवं व्यवस्थाओं की उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply