कलेक्टर ने ली राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक

-अभियान चलाकर फार्मर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए  

अनोखा तीर, हरदा।  कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली।  बैठक में कलेक्टर ने जिले में राजस्व प्रकरणों, नामांतरण, सीमांकन, बंटवारे, पीएम किसान, मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना और अन्य शासकीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फील्ड में जाकर समस्याओं का मौके पर समाधान करें। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित होने वाले शिविरों में प्राप्त आवेदनों का भी त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि जिले में अतिक्रमण से संबंधित लंबित सारे प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। अतिक्रमण के मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर जैन ने राजस्व वसूली के प्रकरणों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग कर शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने को कहा। कृषि कार्य को देखते हुए निर्देशित किया कि जिले में उर्वरक का वितरण केवल ई-विकास 2.0 पोर्टल के माध्यम से ही किया जाए, ताकि वितरण में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने फसलों की गिरदावरी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक पात्र किसान तक योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी पहुंचाई जाए। अभियान चलाकर फार्मर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए ताकि जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं बनी है अथवा उसमें सभी भूमि खाते शामिल नहीं हैं, उनका चिन्हांकन कर शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए।  बैठक में अपर कलेक्टर पुरुषोत्तम कुमार, एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण और आरसीएमएस पोर्टल पर डेटा अपडेशन में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

0 Views

Leave a Reply