गरिमापूर्ण ढंग से मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस समारोह  

अनोखा तीर,  हरदा। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 का राष्ट्रीय पर्व जिले में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।  कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने शासन से प्राप्त निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि शासन द्वारा जारी कार्यक्रम रूपरेखा के अनुसार जिला स्तर पर मुख्य समारोह प्रात: 9 बजे से आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात राष्ट्रगान एवं परेड की सलामी होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रदेशवासियों के नाम संदेश प्रात: 9.25 से 9.55 बजे तक प्रसारित किया जाएगा। जिला स्तर के समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा संक्षिप्त बधाई संदेश भी पढ़ा जाएगा। समारोह में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी होंगे आयोजन
जनपद पंचायत मुख्यालयों पर जनपद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा तथा सामूहिक राष्ट्रगान होगा। जिन नगरीय निकायों में मुख्यालय पर ब्लॉक मुख्यालय नहीं है, वहां नगर पालिका/नगर परिषद अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर सरपंच द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। जिले के सांसद, विधायक, पार्षद एवं अन्य गणमान्य नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा।
शासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में भी होंगे कार्यक्रम
सभी शासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं में गत वर्ष की भांति प्रात: 8 बजे अथवा उससे पूर्व ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिक्षण संस्थाओं में मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रात:काल प्रभातफेरी भी आयोजित की जाएगी। स्कूल एवं कॉलेजों में खेलकूद तथा अन्य कौशल प्रदर्शन, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, लघु बचत, जनसंख्या स्थिरीकरण एवं स्वच्छता अभियान जैसे विषयों पर प्रस्तुतियां तथा पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं मेडल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वृक्षारोपण कार्यक्रम भी किए जाएंगे। स्कूल-कॉलेजों में जिला, संभाग एवं राज्य स्तर पर राष्ट्रीय एकता के समूहगान आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन भी किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोहों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर देशभक्ति से प्रेरित गीतों का चयन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा की आवश्यक व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी।
शासकीय भवनों पर होगी आकर्षक रोशनी
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश में स्थित सभी शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों पर 14 एवं 15 अगस्त की रात आकर्षक प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
शहीद सैनिकों के परिजनों का सम्मान
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों तथा प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को समारोह में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। वृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को जिला कलेक्टर अथवा उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि द्वारा उनके निवास पर जाकर शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा।  कलेक्टर जैन ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

0 Views

Leave a Reply