-ऑनलाइन रुद्राभिषेक में जुड़े श्रद्धालु
अनोखा तीर, हरदा। सावन की शिवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार शाम घर-घर भगवान शिव की आराधना की गई। श्रद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंग बनाकर विधि-विधान से पूजन किया और ऑनलाइन माध्यम से आयोजित रुद्राभिषेक एवं अभिषेक महोत्सव में शामिल होकर भगवान शिव का अभिषेक किया। हरदा के खेड़ीपुरा क्षेत्र में भी मोराने परिवार सहित अनेक श्रद्धालुओं ने घर पर पार्थिव शिवलिंग तैयार कर भगवान शिव का पूजन किया। पूजन के लिए जल, गेहूं, कमल गट्टे, अक्षत, काले तिल, बेलपत्र, शमी पत्र एवं पुष्प सहित विभिन्न पूजन सामग्री तैयार की गई। इसके बाद दूध, दही, शहद, घी, शक्कर, गंगाजल, चंदन सहित पंचामृत एवं अन्य सामग्री से भगवान शिव का अभिषेक किया गया। पंडित प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले द्वारा ऑनलाइन अभिषेक महोत्सव शाम 7 बजे से शुरू हुआ। श्रद्धालु अपने-अपने घरों से ऑनलाइन माध्यम से पूजा में जुड़े। इस दौरान भगवान शिव का रुद्राभिषेक एवं विधिवत पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान शिव को बेलपत्र, पुष्प एवं अन्य सामग्री अर्पित कर सुख, शांति, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की। ऑनलाइन पूजा के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एक साथ जुड़ने से घरों में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं का कहना था कि घर बैठे सामूहिक रूप से भगवान शिव के अभिषेक में शामिल होने का अनुभव विशेष रहा। पूजन के आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि सावन की शिवरात्रि के अवसर पर स्वयं रुद्राभिषेक एवं शिव आराधना में शामिल हों और अपने मित्रों व परिवारजनों को भी धार्मिक आयोजन से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। विशेष रूप से श्रद्धालुओं से पार्थिव शिवलिंग पहले से बनाकर रखने का आग्रह किया गया था, ताकि शाम 7 बजे से शुरू होने वाले ऑनलाइन अभिषेक में वे विधिवत शामिल हो सकें।




