-करताना में क्लस्टर स्तरीय संवाद कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों से किया संवाद

अनोखा तीर, हरदा। प्रभारी मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और उनका निराकरण सुनिश्चित करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार भी किसान, युवा, विद्यार्थी, मजदूर, महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में सर्वांगीण विकास की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को शासकीय अमला गांव-गांव पहुंचकर आमजन की समस्याओं का निराकरण करेगा। इस दौरान आमजन के पुराने लंबित प्रकरणों का भी निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी विशेष ध्यान दे रही है। प्रभारी मंत्री सारंग शुक्रवार को जिले के ग्राम करताना स्थित शासकीय सांदीपनि विद्यालय में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित क्लस्टर स्तरीय संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रभारी मंत्री सारंग ने कहा कि सांदीपनि विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए उत्तम एवं सुविधा युक्त शैक्षणिक व्यवस्था विकसित की गई है। उन्होंने जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपेक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में नागरिकों को बेहतर एवं सर्वसुविधायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ एवं समाज सेवियों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए। इस दौरान उन्होंने विद्या आसन अभियान के तहत बेंच डोनेट करने वाले एसएमएस बायोफ्यूल्स छिदगांवमेल हरदा के अनिल दुबे व गिरजा शंकर राजपूत को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उन्होंने उद्यानिकी विभाग अंतर्गत बलराम जगन्नाथ जाट को नवीन बगीचे की स्थापना के लिए स्वीकृति पत्र प्रदाय किया। उन्होंने महिला बाल विकास विभाग की लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बालिका मनस्वी व देवांशी को प्रमाण-पत्र प्रदान किया। उन्होंने कार्यक्रम में बालिका अवनि, बालक हार्दिक को पोषण किट प्रदाय की तथा शेख मरगुम हुसैन को 5 कुपोषित बच्चों को गोद लेने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने उद्योग विभाग की मध्यप्रदेश एम.एस.एम.ई. प्रोत्साहन योजना 2025 के तहत मेसर्स विनायक श्री इंडस्ट्रीज हरदा को 70.77 लाख रूपये की प्रोत्साहन राशि का स्वीकृति पत्र तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत करताना के रामशंकर को ईंट निर्माण हेतु अनुदान 93 हजार रूपये का स्वीकृति पत्र प्रदाय किया। प्रभारी मंत्री सारंग ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत खाटू श्याम आजीविका स्व सहायता समूह धौलपुरखुर्द को 3 लाख, लक्ष्मी स्वसहायता समूह गोंदागांवकला को 3 लाख तथा राजलक्ष्मी स्वसहायता समूह नौसर को 10 लाख रूपये के बैंक लिंकेज के स्वीकृति पत्र प्रदान किए। स्कूल शिक्षा विभाग अंतर्गत नि:शुल्क सायकल वितरण योजना के तहत कक्षा 9 वी की छात्रा जोया, राजकुमारी, रजनी, संघनी व वैशाली को सायकिल वितरित की। राजस्व विभाग अंतर्गत निधि, सक्षम व ज्योत्सना को जाति प्रमाण-पत्र तथा केदार सिंह राजपूत तजपुरा व सुधा जितेन्द्र को फौती नामांतरण प्रमाण-पत्र प्रदाय किए गए। इसके अलावा श्रम विभाग द्वारा संचालित संबल योजना के तहत मनीषा धनोरे, प्रेमबाई अहिरवार, दुर्गाबाई अहिरवार, चेनसिंह अहिरवार व शिवानी अहिरवार को संबल योजना के प्रशस्ति पत्र प्रदाय किए गए। इस दौरान पूर्व चिकित्सा अधिकारी डॉ हरनाथ पटेल ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन पुरस्कार देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र शाह, उपाध्यक्ष दर्शन सिंह गेहलोत, जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष संदीप पटेल, कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक शशांक, जिला पंचायत सीईओ अंजली जोसेफ जोनाथन, जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी व जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र गरिमा टोप्पो सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में विभिन्न विभाग के अधिकारियों ने मौजूद रहकर आम जन की समस्याओं का निराकरण किया।



