Skip to content
Saturday, 17 October 2026
हरदा

बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में जनआक्रोश

2 min read
Text Size:

-सिराली में बिजली विभाग का घेराव

अनोखा तीर, सिराली। बढ़ते बिजली बिलों, स्मार्ट मीटरों की स्थापना और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली के विरोध में सोमवार को सिराली में जिला हरदा फुटकर व्यापारी संघ के नेतृत्व में व्यापारियों, ग्रामीणों एवं नागरिकों ने बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कलेक्टर हरदा के नाम नायब तहसीलदार सिराली को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई। संघ अध्यक्ष शेख असलम के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, जिससे आमजन में भारी असंतोष व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए तथा पुराने मीटर पुन: स्थापित किए जाएं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि पिछले कई महीनों से उपभोक्ताओं को अत्यधिक एवं विवादित बिजली बिल जारी किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। संघ ने ऐसे बिलों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें वापस लेने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने बिना पूर्व सूचना के हो रही बिजली कटौती पर भी नाराजगी जताई और कहा कि इससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। साथ ही एवरेज बिलों के समायोजन तथा कुछ कर्मचारियों/अधिकारियों के स्थानांतरण की मांग भी की गई। आंदोलन के दौरान बढ़े हुए बिजली बिल वापस लो और स्मार्ट मीटर हटाओ जैसे नारे लगाए गए। मौके पर बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्रामीण एवं नागरिक उपस्थित रहे। थाना प्रभारी सीताराम पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। जेई योगेश गौर ने बताया कि शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घेराव के अंत में जिला हरदा फुटकर व्यापारी संघ ने नागरिकों एवं व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply