तेज आंधी से गुल हुई बिजली, 20 मिनट की बारिश से क्षेत्र तरबतर

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

अनोखा तीर, मसनगांव। शनिवार शाम अचानक बदले मौसम ने क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को प्रभावित कर दिया। तेज हवा और धूलभरी आंधी के कारण कांकरिया सब स्टेशन से जुड़ी 33 केवी विद्युत लाइन में फाल्ट आ गया, जिससे सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले करीब एक दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली बंद होने से ग्रामीणों को लगभग पांच घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं करीब 20 मिनट तक हुई तेज बारिश से पूरा क्षेत्र तरबतर हो गया और मौसम में ठंडक घुल गई। रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहे और शाम के समय चली हवाओं ने बिजली आपूर्ति को प्रभावित किया। शनिवार शाम करीब 4 बजे अचानक तेज हवाओं के साथ चली आंधी इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर बिजली लाइनों के संपर्क में आ गईं, जिससे 33 केवी लाइन में फाल्ट आ गया। फाल्ट आने के बाद कांकरिया सब स्टेशन से जुड़े गांवों की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई। बिजली गुल होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य और अन्य दैनिक गतिविधियां प्रभावित होने लगीं। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत वितरण कंपनी द्वारा समय-समय पर लाइनों के मेंटेनेंस और सुधार कार्य किए जाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद आंधी या हल्की बारिश के दौरान भी फाल्ट की समस्या सामने आ जाती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई गांवों में शाम से लेकर रात तक अंधेरा पसरा रहा और लोगों को उमस भरी गर्मी के बीच बिना पंखे और कूलर के समय बिताना पड़ा। इधर सोनतलाई सब स्टेशन क्षेत्र में भी मौसम खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। बिजली बंद होने से लोगों को काफी असुविधा हुई। विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घरों में मोबाइल फोन तक चार्ज नहीं हो सके, जिससे संचार व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पिछले चार दिनों से हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। पर मौसम साफ होते ही धूप निकलने पर फिर से गर्मी और उमस बनी रही। जिन किसानों के खेतों में मूंग की कटी हुई फसल पड़ी है, वे बारिश को लेकर चिंतित नजर आए। किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह मौसम का मिजाज बना रहा तो तैयार फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। बिजली बंद होने की सूचना मिलने पर विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारियों ने फाल्ट की तलाश शुरू की। कई घंटों की मशक्कत के बाद लाइन में आई तकनीकी खराबी को दूर कर देर रात बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। बिजली आने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए विद्युत लाइनों की विशेष जांच कर कमजोर हिस्सों को दुरुस्त किया जाए, ताकि आंधी-बारिश के दौरान बार-बार होने वाले फाल्ट और लंबे समय तक बिजली बाधित रहने की समस्या से निजात मिल सके। आसमान पर छाए बादल और मानसूनी गतिविधियों के चलते मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

0 Views

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!