जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के दिए निर्देश
अनोखा तीर बैतुल- अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान उन्होंने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती जाट ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई में दोबारा न आना पड़े। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश
जनसुनवाई में घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम चिखलपटी निवासी दिनेश ने काली मंदिर परिसर में अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर अपर कलेक्टर ने घोड़ाडोंगरी तहसीलदार को अतिक्रमण पाए जाने पर हटाने के निर्देश दिए। ग्राम बोडी निवासी रामदयाल ने सीमांकन नहीं होने की शिकायत की, जिस पर अपर कलेक्टर ने बैतूल ग्रामीण तहसीलदार को आवेदक की समस्या का निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। झल्लार निवासी अनिल ने सीमांकन का पंचनामा दिलाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर अपर कलेक्टर ने नायाब तहसीलदार को आवेदक की समस्या का निराकरण किए जाने के निर्देश दिए।
जाति वैधता प्रमाण पत्र बनाने के दिए निर्देश
जनसुनवाई में भैंसदेही तहसील के ग्राम राजनी निवासी पंढरी ने बगैर नापे अनावेदक को पटवारी द्वारा कब्जा देने की शिकायत की, जिस पर अपर कलेक्टर ने भैंसदेही तहसीलदार को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम सोहागपुर निवासी मैनूबाई ने भूमि पर हुए अवैध कब्जे में निर्माण कार्य रोकने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर अपर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार बैतूल बाजार को जांच कर प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। भैंसदेही तहसील के ग्राम मालनी निवासी धनराज द्वारा जाति वैधता प्रमाण पत्र बनाने के आवेदन पर अपर कलेक्टर ने संबंधित एसडीओ को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम करपा निवासी कलस बाई ने सम्मान निधि की राशि दिलाने की मांग की। जिस पर अपर कलेक्टर ने तहसीलदार आमला को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।
भूमि का पट्टा बनाए जाने की मांग
जनसुनवाई में ग्राम बोरगांव निवासी हेमराज ने कृषि भूमि से आने-जाने के लिए रास्ता दिलवाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर अपर कलेक्टर ने प्रभात पट्टन तहसीलदार को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। सोनाघाटी बैतूल निवासी सुनीता पवार ने भूमि का पट्टा बनाए जाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर अपर कलेक्टर ने खेड़ी सावलीगढ़ नायब तहसीलदार को आवेदक के समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।

