Skip to content
Friday, 16 October 2026
हरदा

शहर की बदहाल व्यवस्था को लेकर व्यापारियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

2 min read
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा।  हरदा शहर में लगातार बिगड़ती व्यवस्थाओं को लेकर कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स कैट ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों और आम जनता की समस्याओं को उठाया है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि शहर में अव्यवस्थित यातायात, बार-बार की जा रही पुलिस चेकिंग और अघोषित बिजली कटौती से व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि शहर के चारों ओर पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग और चालानी कार्रवाई की जा रही है। हेलमेट, तीन सवारी और अन्य नियमों के नाम पर बार-बार रोक-टोक से बाहरी ग्रामीण क्षेत्र के लोग शहर आने से बच रहे हैं। इसका सीधा असर बाजार की ग्राहकी पर पड़ रहा है और व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने अघोषित बिजली कटौती को भी बड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में कई-कई घंटों तक बिजली बंद रहने से आमजन, बुजुर्ग, बच्चे और व्यापारी परेशान हो रहे हैं। दुकानों और प्रतिष्ठानों में कामकाज प्रभावित हो रहा है, जबकि बिजली विभाग द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर भी बार-बार कटौती की जा रही है। ज्ञापन में शहर की खराब यातायात व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई गई। व्यापारियों के अनुसार घंटाघर चौराहा, बस स्टैंड तिराहा, सब्जी मंडी रोड, मेन बाजार, नया बाजार क्षेत्र, चांडक चौराहा और पंजाब नेशनल बैंक के सामने जैसे प्रमुख स्थानों पर प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है। आरोप लगाया गया कि ट्रैफिक पुलिस केवल चालान बनाने में व्यस्त रहती है, जबकि जाम खुलवाने पर ध्यान नहीं दिया जाता। व्यापारियों ने दावा किया कि इन समस्याओं के कारण शहर का व्यापार करीब 40 प्रतिशत तक प्रभावित हुआ है। ज्ञापन में मांग की गई कि अनावश्यक नाकेबंदी बंद कर पुलिस को शहर के भीतर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में लगाया जाए, अघोषित बिजली कटौती तत्काल रोकी जाए और बिजली बंद करने से पहले जनता को सूचना दी जाए। साथ ही प्रमुख स्थानों पर स्थायी ट्रैफिक पुलिस बल तैनात करने की मांग भी की गई। ज्ञापन देते समय जिला अध्यक्ष सरगम जैन, महामंत्री राजेश अग्रवाल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
——

0 Views
What do you think?

Leave a Reply