-कुछ ही घंटों में 15 लाख का डंपर किया बरामद
अनोखा तीर, भोपाल। रेलवे परिसर में हुई डम्पर ट्रक चोरी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए जीआरपी भोपाल ने सतर्कता एवं तत्परता का परिचय दिया। महज कुछ घंटों के भीतर पुलिस ने चोरी गया डम्पर ट्रक बरामद कर लिया तथा घटना में संलिप्त विधि-विरुद्ध नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लिया। 15 मार्च की मध्यरात्रि को फरियादी मिराज खान निवासी करोंद, भोपाल ने रेलवे परिसर स्थित पश्चिम रेलवे कॉलोनी के निर्माणाधीन समदड़िया ग्रुप की साइट से डम्पर ट्रक चोरी होने की सूचना थाना जीआरपी भोपाल में दी। मामला गंभीर होने पर तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई। जांच में सामने आया कि नाबालिग बालक एक दिन पूर्व साइट पर काम मांगने गया था, लेकिन उम्र कम होने के कारण उसे काम नहीं मिला। पूर्व में ट्रक चालकों के साथ रहकर वाहन चलाना सीख चुका बालक मौके पर खड़े डम्पर में चाबी लगी देखकर उसे लेकर फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक रेलवे भोपाल राहुल कुमार के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतू डावर एवं उप पुलिस अधीक्षक रामस्नेही चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक जहीर खान के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। प्राप्त सूचना के आधार पर जे.पी. नगर, कार्बाइड फैक्ट्री क्षेत्र से ट्रक बरामद किया गया, जहां नाबालिग बालक ट्रक में ही सोता मिला। चोरी गया डम्पर ट्रक की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है। नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर काउंसलिंग की गई तथा प्रकरण किशोर न्यायालय में प्रस्तुत कर बालक को परिजनों के सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक जहीर खान, उपनिरीक्षक मिथलेश भारद्वाज, प्रधान आरक्षक राजेश शर्मा, आरक्षक अनिल सिंह, सचिन जाट एवं बृजेश कारपेंटर की उल्लेखनीय भूमिका रही।
Views Today: 28
Total Views: 28

