-विस्फोट में खिरकिया की बेटी सहित 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत
अनोखा तीर, हरदा। इंदौर शहर के बंगाली चौराहे के पास हुए भीषण हादसे में ईवी कार चार्जिंग प्वाइंट में विस्फोट के बाद लगी आग ने सात लोगों की जान ले ली। इस दर्दनाक घटना में हरदा जिले की खिरकिया की सिमरन सहित एक ही परिवार के कई सदस्य जिंदा जल गए। बताया जा रहा है कि सिमरन गर्भवती थी, जिससे घटना और भी हृदयविदारक हो गई। यह हादसा तिलक नगर स्थित ब्रजेश्वरी एनएक्स में पॉलिमर व्यवसायी मनोज पुगलिया के घर पर हुआ। ईवी कार चार्जिंग प्वाइंट में विस्फोट के बाद पास रखे सात सिलेंडरों में आग लग गई, जिससे आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान घर का मुख्य द्वार ऑटोमैटिक लॉक होने के कारण समय पर नहीं खुल सका। इसी वजह से अंदर मौजूद लोग बाहर नहीं निकल पाए और आग की चपेट में आ गए। हादसे में मनोज पुगलिया (62), विजय सेठिया, छोटू सेठिया, सुमन सेठिया, सिमरन पुगलिया, राशि सेठिया और टीनू की मौत हो गई। वहीं सौरभ और हर्षित पुगलिया गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। इस भीषण हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। एक ही परिवार के कई लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।

Views Today: 34
Total Views: 34

