Skip to content
Friday, 16 October 2026
नर्मदापुरम

अनाज से बनी डॉलफिन के माध्यम से किसान ने दिया विश्व शांति का संदेश

2 min read
Text Size:

– किसान योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी की अनोखी कलाकृति, युद्ध रोकने की भावनात्मक अपील
अनोखा तीर, नर्मदापुरम। जिले के ग्राम सुपरली के किसान योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने अनाज से डॉलफिन मछली की अनूठी आकृति बनाकर विश्व में शांति स्थापित करने और युद्ध रोकने की मार्मिक अपील की है। इस कलाकृति के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया है कि युद्ध का दुष्प्रभाव केवल मानव जीवन पर ही नहीं बल्कि जल, थल और आकाश में रहने वाले सभी जीवों पर पड़ता है। योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने डॉलफिन की आकृति के माध्यम से जलीय जीवों की पीड़ा को दर्शाया है। उनका कहना है कि बारूदी युद्ध और हथियारों के प्रयोग से समुद्र और नदियों का पर्यावरण प्रभावित हो रहा है, जिससे जलीय जीवों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने अपनी कलाकृति के माध्यम से भावनात्मक संदेश देते हुए कहा कि मनुष्य को युद्ध के बजाय शांति का मार्ग अपनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि युद्ध का असर केवल जीव-जंतुओं पर ही नहीं बल्कि कृषि और अनाज उत्पादन पर भी पड़ता है। इसलिए विश्व के सभी देशों को आपसी सहयोग और शांति के लिए प्रयास करना चाहिए।
योगेंद्र पाल सिंह सोलंकी ने अपनी इस कला में डॉलफिन मछली के साथ विश्व के कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के चित्र भी अनाज से तैयार किए हैं। इनमें डोनाल्ड ट्रंप (अमेरिका), बेंजामिन नेतन्याहू (इज़राइल), मोजतबा खामेनेई (ईरान), महमूद अब्बास (फिलिस्तीन), रशाद अल-अलीमी (यमन), अहमद अल-अब्दुल्ला अल-अहमद अल-सबाह (कुवैत), हमद बिन ईसा अल खलीफा (बहरीन) तथा मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (संयुक्त अरब अमीरात) शामिल हैं। इन चित्रों को बनाने में धान, बाजरा, रागी, चावल, तिल, राजगीरा और खसखस जैसे विभिन्न प्रकार के अनाजों का उपयोग किया गया है। यह अनूठी कलाकृति लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है और विश्व में शांति का संदेश दे रही है।

68 Views
What do you think?

Leave a Reply