Skip to content
Sunday, 18 October 2026
हरदा

खाटू श्याम की 18 किमी भव्य पैदल निशान यात्रा, जगह-जगह पुष्प व इत्र वर्षा

2 min read
Text Size:

-सैकड़ों भक्त नाचते-गाते मंदिर पहुंचे, महाप्रसाद वितरित
अनोखा तीर, सोडलपुर। फाल्गुन एकादशी के पावन अवसर पर शुक्रवार सुबह 7.30 बजे सोडलपुर ग्राम से खाटू श्याम बाबा की 18 किलोमीटर लंबी भव्य पैदल निशान यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तजन बाबा की ध्वजाएं लहराते हुए भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। यात्रा काकड़ वाली इमली से प्रारंभ होकर मनयाखेड़ी, भाटपराटया, कोटलाखेड़ी, डबल फाटक, अंबेडकर चौराहा, एलआईजी कॉलोनी, इंदौर रोड होते हुए खंडवा बायपास स्थित प्रताप सिटी कॉलोनी में स्थित मंदिर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प एवं इत्र वर्षा कर निशान यात्रा का स्वागत किया गया। बाबा के सुंदर रथ एवं झांकी की भक्तों द्वारा पूजा-अर्चना की गई। पैदल यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी ध्वजाओं की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की गई। यात्रा इंदिरा कॉलोनी, रहटगांव रोड, मालीपुर, बाजार चौक, गुठान मोहल्ला होते हुए कान्हा बाबा चौक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने कान्हा बाबा समाधि एवं बाबा रामदेव मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। निशान यात्रा में महिलाओं की सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। महिलाएं भजन-कीर्तन करते हुए शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं, वहीं पुरुष वर्ग भी बाबा के भजनों पर नाचते-गाते ध्वजाएं लहराते चल रहे थे। मंदिर पहुंचने पर सामूहिक आरती के पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया गया। यात्रा के दौरान टिमरनी एवं हरदा पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा और पूरी यात्रा के साथ बना रहा। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्याम बाबा की जय के जयकारों से क्षेत्र गूंज उठा।

50 Views
What do you think?

Leave a Reply