Skip to content
Friday, 16 October 2026
नर्मदापुरम

गलत योनो डाउनलोड करते ही बुजुर्ग के खाते से उड़े 4.47 लाख  

2 min read
Text Size:

-6 ट्रांजैक्शन में निकाली रकम, दो भुगतानों के मैसेज तक नहीं आए
अनोखा तीर, नर्मदापुरम। शहर में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां 67 वर्षीय बुजुर्ग गलत एपीके फाइल डाउनलोड करने के बाद 4 लाख 47 हजार 268 रुपए की ठगी का शिकार हो गए। आरोपित ने 18 से 20 फरवरी के बीच छह अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से उनके बैंक खाते से पूरी रकम निकाल ली। जानकारी के अनुसार 18 और 19 फरवरी को एक-एक ट्रांजैक्शन हुआ, जिनका पीड़ित को कोई मैसेज तक प्राप्त नहीं हुआ। वहीं 20 फरवरी को चार बार खाते से भुगतान हुआ, जिनके मैसेज आने पर बुजुर्ग घबरा गए और तत्काल बैंक से संपर्क किया। जांच में साइबर ठगी का खुलासा हुआ। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सेल और कोतवाली थाने में की, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।
योनो एप की जगह एपीके फाइल डाउनलोड करवाई
बताया गया कि पीड़ित के मोबाइल में योनो एप इंस्टॉल नहीं था। कुछ दिन पहले बैंक कर्मचारियों ने उन्हें योनो एप डाउनलोड करने की सलाह दी थी। पीड़ित ने प्ले स्टोर से एप डाउनलोड किया, लेकिन इंस्टॉलेशन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। इसी दौरान एक व्यक्ति ने स्वयं को बैंक कर्मचारी बताकर फोन किया और एक लिंक भेजकर कहा कि इससे प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। पीड़ित ने बताए अनुसार लिंक पर क्लिक कर एपीके फाइल डाउनलोड कर ली। फाइल डाउनलोड होते ही उनका मोबाइल हैक हो गया, हालांकि उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी और इसी दौरान ठग ने खाते से रकम पार कर दी।
साइबर सेल की सलाह : एपीके फाइल से रहें सावधान
साइबर सेल प्रभारी ने बताया कि साइबर ठग आरटीओ चालान, बिजली बिल, बैंक अपडेट या अन्य बहाने से लिंक भेजते हैं और लोगों को एपीके फाइल डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करते हैं। ऐसी फाइलें मोबाइल को हैक कर सकती हैं। उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें। यदि गलती से डाउनलोड हो जाए तो तुरंत मोबाइल को एरोप्लेन मोड पर डाल दें, संबंधित एप को मैनेज एप सेटिंग में जाकर डिलीट करें और बैंक से संपर्क कर खाते को अस्थायी रूप से सीज करवाएं, ताकि आगे किसी भी प्रकार का वित्तीय नुकसान न हो।

121 Views
What do you think?

Leave a Reply