पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में अव्यवस्थाओं को देख जताई नाराजगी
– भवन के मरम्मत व जीर्णोद्धार के दिए निर्देश
अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष विभाग मंत्री इन्दर सिंह परमार ने सोमवार को हरदा प्रवास के दौरान शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज व पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान वहां की व्यवस्थाओं का करीब से देखा। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मेकेनिकल व इलेक्ट्रीशियन लैब सहित कक्षाओं व हॉस्टल का निरीक्षण किया। इस दौरान पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन की स्थिति को देख उन्होंनें असंतोष व्यक्त किया। साथ ही, मरम्मत एवं जीर्णोद्धार के निर्देश दिए। इसके लिए प्राचार्य पॉलिटेक्निक कॉलेज को प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित करने को कहा। इससे पहले मंत्री श्री परमार ने कॉलेज की विद्युत व्यवस्था को देखकर कहा कि इसकी मरम्मत इलेक्ट्रिशियन शाखा के विद्यार्थियों से कराई जाए। यह भी कहा कि हम खुद इलेक्ट्रिशियन तैयार कर रहे हैं तो प्रायवेट इलेक्ट्रिशियन से कार्य क्यों करवाए। उन्हें दिया जाने वाला मेहनताना विद्यार्थियों को दिया जाए। ऐसा ही उन्होंनें सिविल के विद्यार्थियों के लिए कहा। इसके बाद मंत्री श्री परमार ने एक-एक कर सारे लैब का निरीक्षण किया। लैब में बेतरतीब ढंग से रखे सामान को लेकर सवाल-जबाव किए। कक्षा में गड्ढे व दीवारों पर जाले लगे देखे। मैदान में पहुंचे तो वहीं से हॉस्टल को भी देखा। भवन की रंगाई-पुताई ठीक न होने पर पूछा कि क्या यह ठीक है ? जिस पर प्राचार्य ने कहा कि इस साल एक भवन की रंगाई कराई है। आगामी समय में शेष दोनों भवन दुरूस्त कराए जाएंगे। मंत्री ने कॉलेज के जर्जर भवन को लेकर कहा कि जीर्णोद्धार योग्य कार्य के लिए स्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जाए तथा डिस्मेंटल योग्य हिस्से को डिस्मेंटल कराया जाए। कॉलेज भवन को पूरी मरम्मत कराकर छात्र उपयोगी बनाया जाए। उन्होंनें कॉलेज की प्रवेश व्यवस्था व प्लेसमेंट पर संतोष व्यक्त किया। मंत्री श्री परमार ने पीएम श्री कॉलज ऑफ एक्सीलेंस के निरीक्षण के दौरान वहां की शैक्षणिक गुणवत्ता और अधोसंरचना का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज प्रशासन को बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे विद्यार्थियों तक पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंनें कॉलेज की लायब्रेरी को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। अंत में मंत्री श्री परमार ने आदर्श महाविधालय अबगांवखुर्द का भी निरीक्षण किया। उनके साथ पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, जिला महामंत्री बसंत सिंह राजपूत, नगर मंडल अध्यक्ष नितेश बादर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी व कॉलेज स्टॉफ उपस्थित रहा।

Views Today: 2
Total Views: 72

