-कलेक्ट्रेट में हुई साप्ताहिक समीक्षा बैठक
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरित होने वाला खाद्यान्न अपात्र व्यक्तियों को न मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होने सूची से अपात्र हितग्राहियों के नाम हटाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के संबंध में भी निर्देश दिए। कलेक्टर श्री जैन ने जनपद पंचायतों के सीईओ व मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को समग्र व आधार लिंकिंग तथा ई-केवायसी की कार्यवाही की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होने निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, रोजगार सहायक व सचिव का दल बनाकर योजनाओं के तहत हितग्राहियों की ई-केवायसी का कार्य पूर्ण कराएं। बैठक में कलेक्टर श्री जैन ने कार्य में लापरवाही बरतने पर बालागांव के सचिव के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री जैन ने सीएम हेल्पलाइन मेें लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि कोई भी शिकायत नॉट अटेंडेन्ट न रहे। शिकायतकर्ता से बात कर शिकायत का संतुष्टीपूर्वक निराकरण करें। उन्होने जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत शहर में साफ-सफाई व्यवस्था सुधारें तथा शहर में सफाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होने कहा कि शहर के पार्कों में सौन्दर्यीकरण के कार्य कराएं। उन्होने सभी अधिकारियों को अपने कार्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

