इंदौर। हिट एंड रन कानून के विरोध में नए साल के पहले ही दिन शुरू हुई ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से परिवहन और माल ढुलाई की व्यवस्था चरमरा गई। बस-ट्रक चालक-परिचालकों द्वारा क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों पर चक्काजाम करने से कई किलोमीटर तक वाहन फंस गए। उधर हड़ताल की वजह से प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में प्रदेश के सबसे बड़े थोक बाजारों में चिंता पसर गई है।
सियागंज और अन्य बाजारों में भी चिंता बढ़ने लगी है। बसों का संचालन नहीं होने की वजह से इंदौर से अन्य राज्यों और प्रदेश के शहरों के लिए जाने वाले यात्री परेशान होते रहे। इसी तरह सिटी बसों के साथ ही आईबस और लोकपरिवहन के अन्य वाहनों का संचालन नहीं होने से तीन लाख से ज्यादा लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पेट्रोल-डीजल टैंकरों के वाहन चालकों द्वारा भी अपने वाहन नहीं चलाने की वजह से कुछ घंटो बाद ही पेट्रोल पंपो पर पेट्रोल डीजल की किल्लत शुरू हो गई। मालवा-निमाड़ क्षेत्र के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों की लंबी कतार लगने लगी थी।

लाखों लोग परेशान, नहीं मिले आवागमन के साधन
हड़ताल की वजह से एआईसीटीएसएल द्वारा संचालित बसें भी नहीं चली। बसें भोपाल के लिए रवाना हुई थी, लेकिन देवास बायपास सहित कई जगह चक्काजाम की सूचना पर रास्ते से ही उन्हें वापस बुला लिया गया। इसके साथ ही ड्रायवरों की हड़ताल के कारण 600 बसे परिसरों में ही खड़ी है।
शहर में संचालित होने वाली सिटी बसे, आई बसों के चक्के थमने की वजह से लोगों को काफी परेशानी हुई। बस चालकों ने ई-रिक्शा चालको को भी परिवहन से रोका। एआईसीटीएसएल की पीआरओ माला ठाकुर ने बताया कि ड्रायवरों की हड़ताल के कारण सावधानी के कारण बसों का संचालन नहीं किया जा रहा है।
पेट्रोल पंपों पर शुरू हुई किल्लत
पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र वासू का कहना है कि टैंकरों की हड़ताल के कारण कई पंपों पर ईंधन खत्म हो गया है। हालाकि प्रशासन की पहल पर कुछ पंपों पर टैंकर पहुंचाए है। इसके बाद भी यदि ईधन की सप्लाई नहीं हुई, तो दोपहर तक शहर और आसपास के कई पंपों पर स्टाक खत्म हो जाएगा।
ट्रांसपोर्टरों ने भी बुलाई बैठक
ड्राइवरों की हड़ताल को देखते हुए इंदौर ट्रक ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन द्वारा भी दो जनवरी को बैठक बुलाई गई है। हड़ताल के कारण ड्रायवरों ने गाड़ियां खड़ी कर दी है, इसलिए मंगलवार को होने वाली बैठक में एसोसिएशन भी हड़ताल का समर्थन कर सकता है। एसोसिएशन पहले भी हिट एंड रन कानून का विरोध जता चुका है और प्रदेश और देश व्यापारी आंदोलन की चेतावनी दे चुका है।
मंडियों में भी माल की आवक प्रभाावित
व्यापारियों के अनुसार हड़ताल के कारण माल लेकर आ रहे कई ट्रकों को शहर और प्रदेश के बाहर सीमाओं पर रोक दिया गया है। हड़ताल की वजह से ईंधन की किल्लत की आशंका को देखते हुए कई ट्रक आपरेटरों ने पहले ही अपने फेरे रोक दिए थे। इंदौर से ट्रांसपोर्टरों ने माल के लदान से इनकार कर दिया है।
यहां से बड़ी मात्रा में प्याज, अनाज, आलू, लहसुन और अन्य माल बाहर भेजा जाना था जो अटक गया है। इसी बीच शहर के बाजारों में बाहर से आने वाले माल की किल्लत हो सकती है। नारियल, शकर, खोपरा के साथ ही आने वाले मकर संक्रांति के त्यौहार के लिए गुड़ भी उप्र, करोली और महाराष्ट्र से इंदौर में पहुंचता है। ऐसे में थोक बाजार में आवक अटकने से इन सभी वस्तुओं के दामों तेजी आ सकती है। शकर और नारियल की आवक पहले ही दिन से प्रभावित हो सकती है।
Views Today: 2
Total Views: 190

