नर्मदापुरम- सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएं। शिकायतों के निराकरण में कोताही न बरतें। यह निर्देश कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट में आयोजित में बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि एक एक शिकायतों की गंभीरता से समीक्षा कर उनका संतुष्टिपूर्वक समाधान कराएं। उन्होंने शिकायतों के निराकरण में संतोषजनक प्रगति ना होने पर तहसीलदार बनखेड़ी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार सोहागपुर,पिपरिया, डोलरिया एवं माखननगर को भी शिकायतों के निराकरण में कम प्रगति पर असंतोष व्यक्त कर शिकायतों का निराकरण विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी जनसुनवाई एवं समयसीमा के प्रकरणों का भी निराकरण कराएं।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में स्वीकृत निर्माण कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि विकास यात्रा एवं विकास पर्व के दौरान भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों के निर्माण में गति लाएं। उन्होंने पीआईयू को सीएमराइज स्कूल, तहसील भवन शिवपुर एवं तहसील कार्यालय शहरी नर्मदापुरम के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को मोहासा औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य में शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं लोक निर्माण विभाग को बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की भी शीघ्र मरम्मत कराने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने तवापुल एवं नर्मदा ब्रिज के निर्माण के संबंध में भी समीक्षा कर ब्रिज कॉरपोरेशन को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा हायर सेकेंडरी परीक्षा में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को ई स्कूटी प्रदान की जाएगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम नर्मदा महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा जिसमें जिले के 139 विद्यार्थियों को ई स्कूटी प्रदान की जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा कर बच्चों को दिए जाने वाले स्कूटी वाहन के रजिस्ट्रेशन, लॉजिस्टिक्स प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। उन्होंने 27 अगस्त को आयोजित होने वाले लाडली बहना सम्मेलन की तैयारी की भी समीक्षा कर जिले के सभी ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किए जाने के निर्देश दिए।
लाडली बहन योजना के द्वितीय चरण अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के पंजीयन कार्य की समीक्षा कर कलेक्टर श्री सिंह ने हितग्राहियों के ईकेवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएमओ एवं जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि योजना के तहत हितग्राहियों की सूची का अंतिम प्रकाशन कराएं।आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के भी विस्तार से समीक्षा कर कलेक्टर ने सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को मतदाताओं के नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Views Today: 2
Total Views: 228

