
अनोखा तीर, हरदा। संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर निर्माण के उद्देश्य से आयोजित समरसता यात्रा रविवार रात्रि लगभग 10:30 बजे हरदा पहुंची, जहां प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने यात्रा में आए अतिथियों का स्वागत किया। कृषि मंत्री श्री पटेल इस यात्रा में चरण पादुका सिर पर रखकर शामिल हुए। हरदा शहर में यात्रा का शुभारम्भ संत रविदास चौक की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान मध्यप्रदेश अनुसूचित वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, यात्रा प्रभारी सूरज केरो, जिला भाजपा अध्यक्ष अमरसिंह मीणा और पूर्व विधायक मनोहरलाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि सागर जिले में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की मंशा के अनुरूप लगभग 100 करोड़ रूपये की लागत से संत शिरोमणि गुरू रविदास जी का भव्य मंदिर बनाया जाएगा। इस मंदिर निर्माण के निमित्त और सामाजिक समरसता बनाए रखने के उद्देश्य से निकाली जा रही समरसता यात्रा आगामी 12 अगस्त को सागर में संपन्न होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 12 अगस्त को इस मंदिर निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर शुभारम्भ करेंगे। समरसता यात्रा हरदा शहर के विभिन्न वार्डों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा में शामिल अतिथियों का स्वागत किया।
पॉलिटेक्निक कॉलेज में हुआ ‘जनसंवाद कार्यक्रमÓ
हरदा के पॉलिटेक्निक कॉलेज के सभाकक्ष में जनसंवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर संत रविदासजी के भजन प्रस्तुत किए गए। जनसंवाद कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्री पटेल ने कहा कि यह यात्रा जिन ग्रामों से होकर गुजर रही है, वहां की मिट्टी और स्थानीय नदियों का जल भी एकत्र किया जा रहा है। यात्रा के दौरान लगभग 350 नदियों का जल और प्रदेश के लगभग 55 हजार गांवों की मिट्टी 12 अगस्त को सागर पहुंचेगी। इस संकलित जल व मिट्टी को संत रविदास के मंदिर निर्माण में उपयोग में लाया जाएगा। कृषि मंत्री श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार ने अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की है, जिनकी मदद से गरीब परिवारों के बच्चे भी उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने के अवसर पा रहे हैं। अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष श्री सोनकर ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि सागर में संत रविदास मंदिर एवं कला संग्रहालय निर्माण के लिए प्रदेश के 4 जिलों धार, श्योपुर, बालाघाट और नीमच व संगरौली से समरसता यात्राएं पिछलो दिनों रवाना हुई है। समरसता यात्रा प्रदेश के विभिन्न स्थानों से होती हुई 12 अगस्त को सागर पहुंचेंगी, जहां मंदिर का शिलान्यास प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा किया जाएगा।

