अनोखा तीर, हरदा। शासकीय दस्तावेजों में हेराफेरी करने तथा कूटरचित दस्तावेज तैयार करने की शिकायतों की जांच के बाद गत दिनों 6 पटवारियों दीपिका मर्सकोले, कपिल प्रधान, दीपक राजपूत, जयंत जगैत, आशीष मालवीय व हरिराम कुमरे को निलंबित करने के आदेश जारी किए गए थे। एक अन्य पटवारी प्रदीप परस्ते जिला अनूपपुर में पदस्थ है। अत: उनके विरूद्ध कार्यवाही के लिये कलेक्टर अनूपपुर को लिखा गया है। इन सभी 6 पटवारियों कपिल प्रधान, दीपक राजपूत, जयंत जगैत, आशीष मालवीय, हरिराम कुमरे व प्रदीप परस्ते के विरूद्ध पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शासकीय राजस्व दस्तावेजों में हेराफेरी में जिन 11 किसानों के नाम भूमि अवैध तरीके से ट्रांसफर की गई है। उन सभी 11 किसानों राजेश विश्नोई, लोकेश विश्नोई, विद्याबाई पति शांतिलाल विश्नोई, बृजमोहन विश्नोई, राधिका विश्नोई, अकलेश विश्नोई, लीलाबाई विश्नोई, लक्की विश्नोई, विद्या पति रविन्द्र विश्नोई, भगतराम विश्नोई, के विरूद्ध भी सिविल लाइन हरदा थाने में हंडिया तहसीलदार महेन्द्र चौहान द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई है। उल्लेखनीय है कि जामली दमामी ग्राम की नामांतरण पंजी में पटवारी व तहसीलदार के जाली हस्ताक्षर कर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर आदिवासियों की भूमि को गैर आदिवासियों के नाम से अंतरित करने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कलेक्टर ऋषि गर्ग ने चार सदस्यीय जांच दल गठित किया। जिसमें अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम महेश बमन्हा, तहसीलदार हंडिया तथा अपर कलेक्टर के रीडर को शामिल किया गया। जांच दल से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर 6 पटवारी निलंबित किए गए तथा 6 पटवारियों सहित 17 लोगों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। सभी 6 पटवारियों के विरूद्ध विभागीय जांच भी कायम की गई है। इस मामले में कुल 36.259 हेक्टेयर भूमि के राजस्व अभिलेख में हेराफेरी की गई है।

