अनोखा तीर, देवास। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान ने दुनिया में सब रिश्तों से सबसे पवित्र रिश्ता भाई और बहन का बनाया है। भाई कभी भी अपनी लाड़ली बहनों की आंखों में आंसू नहीं देख सकता है। मुख्यमंत्री गुरुवार को देवास जिले की सोनकच्छ तहसील में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियों की जिंदगी बदलना उनका लक्ष्य है। बेटियों को शिक्षित कर के उन्हें सशक्त एवं मजबूत बनाऐंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की यह प्रथम प्राथमिकता है कि प्रदेश की सभी महिलाओं की मासिक आमदनी कम से कम 10 हजार रुपए महिना हो। इसके लिए महिला स्वसहायता समूहों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है। महिला स्वसहायता समूहों के माध्यम से मध्यम एवं छोटे उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में कोई कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त तक सरकारी नौकरियों में एक लाख भर्ती की जाएगी। 15 अगस्त के पश्चात भी सरकारी पदों पर भर्ती चालू रहेगी। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि अब हमने मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह एवं निकाह योजना में राशि बढ़ा दी है। 49 हजार की जगह अब कन्याओं को 51 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। जिससे वे अपनी गृहस्थी का समान खरीद सकेंगी। मुख्यमंत्री ने देवास जिले में चल रहे लेंड पुलिंग योजना को निरस्त करने की घोषणा की। साथ ही 58 गांवों में सिंचाई एवं पेय जल के लिए नर्मदा का जल लाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने टोंककला में एक बडे पुल की मांग को भी स्वीकृति प्रदान की, वहीं विधानसभा क्षेत्र में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा की।
बेटा और बेटी में भेदभाव होते देख मेरा दिल दुखता था
मुख्यमंत्री ने कहा कि बचपन से ही मेने अपने आसपास बेटा और बेटी में माता-पिता द्वारा किए जा रहे भेदभाव को देखा। इससे मेरा दिल दुखता था। बेटे की चाह ने मां की कोख को कत्लखाना बना दिया। विज्ञान ने जैसे-जैसे तरक्की की वेसे ही नये-नये सिस्टम आ गए, जिससे बच्चे के जन्म से पहले ही पता चल जाता था कि कोख में बेटा है या बेटी। स्थिति और बिगड़ने लगी। जिस देश में महिलाओं की देवी मानकर पूजा की जाती है। उस देश में बेटी बोझ लगने लगती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद बनते ही मेने गरीब बेटियों का विवाह कराना शुरू किया।
महिलाओं को नगरीय निकाय चुनाव 50 प्रतिशत आरक्षण एवं रजिस्ट्री में दी छूट
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार ने हमेशा महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया है। इसके लिए नगरीय निकाय एवं पंचायती राज चुनाव में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीटे आरक्षित की है। वहीं महिलाओं के नाम पर सम्पत्ति की रजिस्ट्री करने पर मात्र एक प्रतिशत स्टाम्प डयूटी लगाई। इसका बहुत ही अच्छा रिजल्ट सामने आया। आज नगरीय निकाय, जिला पंचायत एवं ग्राम पंचायतों में महिलाए पंच, सरपंच, पार्षद एवं अध्यक्ष चुन कर आ रही है।
पैसा होने पर सम्मान एवं आत्मविश्वास बढ़ता है
मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि आपके खाते 10 जून से एक हजार रुपए की राशि आनी शुरू हो जाएगी। साल में 12 हजार रुपए मिलेंगे। इससे महिलाओं का सम्मान और आत्म विश्वास बढेगा। उन्हें छोटी-छोटी चिजों के लिए दूसरों के सामने हाथ नहीं फैलाना पडेगा। महिलाएं एक हजार रुपए की राशि का सही उपयोग करेंगी।
देवास की धरती पर नर्मदा का जल लाने का कार्य सरकार ने किया है
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार के लिए कोई भी काम असंभव नहीं है। किसी ने भी कल्पना नहीं की थी कि देवास की धरती पर कभी नर्मदा नदी का पानी आ सकता है। लेकिन हमने हार नहीं मानी और देवास की धरती पर नर्मदा का पानी लेकर आए। उन्होंने कहा कि नर्मदा के पानी से कोई भी वंचित नहीं रहेगा। शीघ्र ही सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के 58 गांवों के लिए पेयजल एवं सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी लाया जाएगा। मुख्यमंत्री को मौके पर ही पीएचई विभाग के ईई एनएस भिड़े ने बताया कि जिले में 52 प्रतिशत घरों में नल कनेक्शन जल जीवन मिशन के अंतर्गत है। मुख्यमंत्री ने सांसद एवं विधायकों को जल जीवन मिशन के कार्यो की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
इस दौरान खातेगांव विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि नारी को अबला कहा जाता था। लेकिन मुख्यमंत्री ने उन्हें सबला बनाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो कार्य किया है, वो मिल का पत्थर है। इस मौके पर पूर्व विधायक राजेन्द्र वर्मा एवं राजीव खंडेलवाल ने भी संबोधित किया। इस दौरान देवास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव, नगर निगम सभापति रवि जैन, मनीष सोलंकी, नरेन्द्र सिंह राजपूत, पोपेन्द्र सिंह बग्गा, नन्द किशोर पाटीदार, बहादूर मुकाती, मधु वर्मा, सुरेश आर्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों में संभाग आयुक्त संदीप यादव, आईजी संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, एसपी सम्पत उपाध्याय, सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सिंह चौहान, अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, एएसपी मंजीत सिंह चावला, एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान, सहायक कलेक्टर टी प्रतीक राव, एसडीएम सोनकच्छ संदीप शिवा, डीएसपी ट्राफिक किरण शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Views Today: 2
Total Views: 58