खंडवा :- जिंदगी और मौत कब, कहां, किस तरह से आ जाए। इसकी कोई कल्पना भी नहीं कर सकता। ऐसे ही एक अनोखे केस में डीजे ममता जैन ने 20 साल के युवक को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
इस युवक ने बेदर्दी से बाघसिंह नाम के वृद्ध को दीवाल पर पटक एवं जमीन पर पछाड़कर सरेराह मार डाला था। बाघसिंह का कसूर सिर्फ इतना था, कि उसने शराब के अड्डे पर अपने ही एक साथी को पिटने से बचाव किया था। उसे क्या पता था कि आरोपी युवक उसे ही जमीन पर लिटा-लिटाकर मार डालेगा।
आरोपी प्रदीप पिता भावसिंह नायक, उम्र 20 वर्ष निवासी संजय नगर को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ममता जैन की न्यायालय ने दोषी पाते हुए धारा 302 भादवि में आजीवन कारावास एवं अर्थदण्ड से दंडित किया।
घटना दोपहर 2 बजे की है। आरोपी प्रदीप नायक व बापुराव धनगर मानसिंग मील रोड शराब दुकान आहते पर शराब पी रहे थे। उन दोनों में हम्माली के पैसों की बात को लेकर झगडा हो गया था। आरोपी प्रदीप ने बापुराव के साथ मुक्कों से मारपीट करने लगा। इसी दौरान पास में बैठे बाघसिंह पिता ध्यानसिंह बीच-बचाव करने गया। प्रदीप ने उसे यह कहते हुए कि बीच-बचाव करने क्यों आया है, और बापुराव को छोड़ बाघसिंह के साथ मारपीट करने लगा था। उसे आहते से बाहर खिंचते हुए ले गया। उठाकर दीवार में पटक दिया था। उसके बाद जमीन में पटक कर लात व हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा जिससे बाघसिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।

