खंडवा :- जिले में चिलचिलाती धूप और चेहरे को झुलसा देने वाली गर्म हवाओं की थपेड़ों के चलते लोग दोपहर होते होते घरों में दुबकने को विवश हो गए। सुबह से ही तेज धूप पडऩे लगी है। दोपहर बाद अपने रौद्र रूप में हो जाती है। मौसम कब बदल जाए इसकी तैयारी से भी लोग परेशान है।ं बुधवार को अधिकतम तापमान 40.5 एवं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया। रातें ठंडी और दिन गर्म होने से डॉक्टरों की चल पड़ी है। ठंडे गरम की तासीर वाले लोग परेशान हैं। अस्पतालों और निजी क्लीनिक पर भीड़ साफ दिख रही है। क्या बूढ़े और क्या बच्चे, तीखी धूप से हर कोई परेशान है। सबसे बुरा हाल तो मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन करने वालों का हो रहा है, जो रोज कुंआ खोदते और पानी पीते हैं।

तेज धूप और गर्म हवाएं चली
पिछले दो-तीन दिना में आसमान से आग बरस रही है। सुबह दस बजते ही तेज धूप और गर्म हवाएं चलना शुरू हो जाती हैं। सड़कों पर आवागमन करने वालों को पल पल पानी की आवश्यकता महसूस हो रही है। धूप से बचाव के लिए लोगों को छाता, गमछा, टोपी का सहारा लेना पड़ रहा है। बावजूद इसके उनकी बेचैनी कम नहीं हो पा रही है।
पंखे व कूलर भी फेल
शनिवार को गर्मी के तेवर शरीर को झुलसाने वाले रहे। इस दौरान कूलर व पंखे भी इस गर्मी के आगे बेजान हो गए। पंखे तो पंखे कूलर भी गर्म हवा फेंक रहे थे। उमस के कारण लोगों का बैठना भी दूभर हो रहा था। सड़कों पर इक्का दुक्का लोग ही नजर आ रहे थे।
तेज गर्मी से जूस की डिमांड बढ़ी
शहर में तेज गर्मी के कारण लोगों इससे निजात पाने के लिए फलों के ताजा जूस पर भी निर्भर रहना पड़ा। फलों के जूस की दुकानों पर लोग कंठ तर करते नजर आए। कोल्डड्रिंक की डिमांड बढ़ी है। लोगों को इसके बाद भी गर्मी से राहत नहीं मिली।
लू से बचाव करें
गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिये से ढ़ककर ही धूप में निकलें। रंगीन चश्में व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले कपड़ों का प्रयोग करें। बिना भोजन किए बाहर न निकलें। भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकलें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पिएं एवं पेय पदार्थों का अधिक-से-अधिक मात्रा में सेवन करें। जहॉं तक संभव हो च्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम या मेहनत न करें। बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों, रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में नहीं करें।
Views Today: 2
Total Views: 88

