बेटा-बेटी में नहीं रहने दूंगा कोई भेद : शिवराज सिंह

WhatsApp Image 2025-09-19 at 11.24.35 PM

सादिक खान, रहटगांव। आज टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के रहटगांव में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना का ऐतिहासिक सम्मेलन स्वयं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विधायक संजय शाह की मांग पर सौगातों की बोछार कर दी। उन्होंने जहां रहटगांव को नगर परिषद बनाने की घोषणा की, तो वहीं शासकीय महाविद्यालय तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी अनेक घोषणाएं की हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटा और बेटी में कोई फर्क नहीं रहने दूंगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने पंचायतों में बहनों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू किया, जिससे आज ग्राम पंचायत से लेकर जिला पंचायत तक मेरी बहनें राज कर रही हैं। प्रदेश में गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवार की महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना शुरू की गई है। इस योजना से मेरी सभी पात्र बहनें लाभान्वित होगी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, कृषि मंत्री कमल पटेल, क्षेत्रीय सांसद दुर्गादास उईके, क्षेत्रीय विधायक संजय शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह व जिला भाजपा अध्यक्ष अमरसिंह मीणा, हरदा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती कमेड़िया, टिमरनी नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र भारद्वाज, खिरकिया नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती इंद्रजीत कौर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भाई बहन का संबंध स्नेह, आत्मा और प्रेम का संबंध है। बहन-बेटियों का सम्मान और उनका कल्याण मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। मैं अक्सर यह गाना गुनगुनाता रहता हूं ‘फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है।ÓÓ उन्होने कहा कि बहनों की खुशी मेरी खुशी है। बहनों की जिंदगी खुशहाल हो, यह मेरे मुख्यमंत्री बनने की सार्थकता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पहले बेटे- बेटी में भेद किया जाता था। बेटे को वरदान और बेटी को बोझ माना जाता था। मैंने इस अन्याय को समाप्त करने का संकल्प लिया और निरंतर इस दिशा में कार्य किया। मध्यप्रदेश में सबसे पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना बनाई गई, जिससे बेटियों को लखपति बनाने का कार्य किया जाए। आज प्रदेश में 44 लाख से अधिक लाड़ली लक्ष्मी हैं। जिन बेटियों को मैंने गोद में खिलाया था, आज वे बड़े-बड़े कार्य कर रही हैं। गरीब बेटियों की केवल पढ़ाई-लिखाई की नहीं बल्कि उनके विवाह की जिम्मेवारी भी सरकार उठाती है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में उनका विवाह कराया जाता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को पुलिस की भर्ती में उन्हें 30 प्रतिशत और शिक्षकों की भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। बहन, बेटियों के नाम से अचल संपत्ति खरीदने पर उनसे सिर्फ 1 प्रतिशत स्टांप शुल्क लिया जाता है। अब बहनों के लिए लाड़ली बहना योजना चालू की गई है, जिसमें उन्हें प्रतिमाह 1000 रुपए दिए जाएंगे। पात्र बहनों के खाते में 10 जून से राशि आने लगेगी।

कोई नेता भी अवैध रेत उत्खनन करे तो मत छोड़ना  

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज कमिश्नर श्रीमन शुक्ला, कलेक्टर ऋषि गर्ग तथा एसपी संजीव कुमार कंचन को सख्त लहजे में कहा कि अवैध रेत और शराब पर सख्ती से कार्यवाही की जाए। यह मुख्यमंत्री का निर्देश है। उन्होंने कहा 1 अप्रैल से प्रदेश में सभी शराब के अहाते बंद कर दिए गए हैं। जिले में अवैध शराब की बिक्री और अवैध रेत का खनन किसी भी हालत में न हो। गुंडे-बदमाशों को ठीक कर दो। कोई नेता गड़बड़ी करे तो उसे भी मत छोड़ो। मुख्यमंत्री ने यह बात सार्वजनिक तौर पर दोहराते हुए कहा कि अगर कोई नेता भी अवैध उत्खनन करता है तो सख्त कार्यवाही करना।

युवाओं के लिए शुरु होगी लर्न एंड अर्न योजना

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में हर व्यक्ति को रोजगार की व्यवस्था की गई है। १ लाख 24 हजार सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। हर माह ढाई लाख व्यक्तियों को रोजगार के लिए ऋण दिया जाता है। अब एक नई योजना, ‘लर्न एंड अर्नÓ बनाई गई है, जिसमें पढ़े-लिखे युवा कौशल सीखने के साथ कमाई भी कर सकेंगे। ऐसे युवाओं को प्रतिमाह 8100 रुपए मानदेय दिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गत सरकार ने जनता के कल्याण की बहुत सी योजनाएं बंद कर दी थी, जिन्हें हमने फिर से चालू किया है। हमारी सरकार में सिंचाई का रकबा साढ़े 7 लाख हेक्टेयर से बढ़ कर 45 लाख हो गया है। हरदा मध्यप्रदेश का पहला शत-प्रतिशत सिंचित जिला बन गया है। क्षेत्र के लिए मोरंड गंजाल योजना स्वीकृत की गई है। पहले यहां मूंग पैदा नहीं होती थी, आज बड़ी मात्रा में मूंग पैदा हो रही है। कार्यक्रम में संबोधित करते हुए प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। लाड़ली बहना योजना महिलाओं के हित में एक अति महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने कहा कि इस योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा तथा समाज और परिवार में महिलाओं का सम्मान बढ़ेगा। उन्होने बताया कि हरदा जिले में लाड़ली बहना योजना के तहत लगभग 80 हजार महिलाएं लाभान्वित होंगी। इनमें से 90 प्रतिशत अर्थात लगभग 70 हजार से अधिक महिलाओं का पंजीयन कर लिया गया है। उन्होने बताया कि शेष महिलाओं का इस माह के अंत तक पंजीयन कर लिया जाएगा। प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। हरदा जिला कृषि के क्षेत्र में तो नंबर वन है ही अब सिंचाई के क्षेत्र में भी हरदा जिला नंबर वन बनेगा। उन्होंने कहा कि मोरन गंजाल सिंचाई योजना तथा शहीद इलापसिंह सिंचाई योजना के पूर्ण होने पर हरदा जिला प्रदेश का सबसे पहला शत प्रतिशत सिंचित जिला होने वाला है। इसके लिए उन्होने जिले के नागरिकों की ओर से मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम को सांसद दुर्गादास उइके, विधायक संजय शाह ने भी संबोधित किया। श्री शाह ने मुख्यमंत्री द्वारा जिले के विकास के लिए दी गई सौंगातों के लिए हृदय से धन्यवाद दिया।

टिमरनी को दी अनेक सौगातें

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि रहटगांव को आबादी के मानदण्ड पूरा करने पर नगर परिषद का दर्जा दिया जाएगा। उन्होने कहा कि रहटगांव के उप स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उन्नयन किया जाएगा। टिमरनी के स्वास्थ्य केन्द्र का उन्नयन 50 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में किया जाएगा तथा इसके लिए नया अस्पताल भवन स्वीकृत करने की भी घोषणा की। उन्होंने टिमरनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चन्द्रखाल और भीमपुरा में नए विद्युत सब स्टेशन स्वीकृत करने तथा रहटगांव में शासकीय महाविद्यालय स्वीकृत करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने एकलव्य आवासीय विद्यालय के पास निर्मित होने वाले छात्रावास का नामकरण स्वर्गीय श्री हरि प्रसाद पालीवाल के नाम से करने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि एकलव्य स्कूल परिसर के निर्माण के लिए स्वर्गीय श्री पालीवाल ने अपनी 22 एकड़ जमीन दान में दी थी।

प्रशासन की मेहनत से सफल हुआ आयोजन

आज मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन को व्यवस्थित और सफल आयोजन माना गया। यह निश्चित ही कमिश्नर श्रीमन शुक्ला, जिलाधीश ऋषि गर्ग, पुलिस कप्तान संजीव कुमार कंचन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित सिसोनिया, वन मंडलाधिकारी अंकित पांडे तथा उनकी टीम द्वारा की गई मेहनत सार्थक साबित हुई। जिसके तहत जहां आयोजन स्थल पर समुचित बैठक व्यवस्थाएं की गई थी, वहीं आगंतुको के लिए हवा, पानी और भोजन तक की व्यवस्थाएं सुचारू नजर आई। इस आयोजन दौरान टिमरनी नगर परिषद के सीएमओ राहुल शर्मा ने पेयजल के लिए दो जगह ५०-५० मटके रखा कर व्यवस्था की। वहीं कार्यक्रम समाप्त होने के बाद नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई का जिम्मा भी उठाया। निश्चित ही इतने बड़े सफल आयोजन के लिए प्रशासन की यह टीम प्रशंसा की पात्र है।

मुख्यमंत्री को भेंट की 20 फीट लम्बी राखी

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को स्वसहायता समूह की दीदीयों द्वारा 20 फीट लम्बी राखी भी बांधी गई। एक जिला एक उत्पाद समूह द्वारा मुख्यमंत्री को बांस शिल्प चित्र भेंट किया गया। साथ ही स्वसहायता समूह की लाड़ली बहनों द्वारा हस्ताक्षरित साड़ी भी भेंट की गई। कार्यक्रम के आरम्भ में मुख्यमंत्री श्री चौहान का पारम्परिक पहनावे कौड़ी जाकेट एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया।

Views Today: 2

Total Views: 246

Leave a Reply

लेटेस्ट न्यूज़

MP Info लेटेस्ट न्यूज़

error: Content is protected !!