दैनिक अनोखा तीर, हरदा। घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा अभियान को मध्य प्रदेश शासन के कृषि मंत्री कमल पटेल अनोखा स्वरूप प्रदान करने जा रहे हैं। मध्य प्रदेश के किसानों को देश की आन बान और शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के रंग में रंगने के लिए अपने गृह जिले हरदा से एक अलग संदेश देने का प्रयास कृषि मंत्री कर रहे हैं। कृषि प्रधान प्रांत मध्य प्रदेश से संपूर्ण देश में किसानों के माध्यम से हर घर तिरंगा घर-घर तिरंगा अभियान को पहुंचाने की यह अनूठी कोशिश होगी। जिसमें स्वयं कृषि मंत्री अपनी किसानी वेशभूषा में स्वयं ट्रैक्टर चलाते हुए किसान ट्रैक्टर रैली का नेतृत्व करेंगे। यह ट्रैक्टर रैली कृषि मंत्री कमल पटेल के गृह जिले हरदा में 14 अगस्त को प्रातः 11 बजे से आयोजित होगी। इस रैली में जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों से किसान अपने ट्रैक्टर लेकर किसानों की पारंपरिक वेशभूषा में निकलेंगे। जिसमें धोती कुर्ता और सिर पर साफा बांधे हुए सभी किसान गांव गांव से तिरंगे का संदेश देते हुए अपने ट्रैक्टरों पर तिरंगा लगाकर आएंगे। स्वयं कृषि मंत्री कमल पटेल ने बताया कि यह विशाल अनूठी ट्रैक्टर रैली हरदा के छिपानेर रोड़ स्थित होटल हवेली प्रांगण से प्रारंभ होगी। जिसमें सभी किसान अपने ट्रैक्टरों को कतार वध चलाते हुए कलेक्टर कार्यालय के समाने से जोशी कॉलोनी, रेलवे स्टेशन, नारायण टॉकीज चौक, चांडक चौराहा होते हुए घंटाघर चौक पहुंचेंगे। शहर के मुख्य घंटाघर चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे। तत्पश्चात यह ट्रैक्टर रैली नार्मदीय धर्मशाला, खेड़ी पुरा होते हुए खेड़ी पुरा मस्जिद, कसेरा मोहल्ला, जेसानी चौक होकर श्री गणेश मंदिर चौराहा से थाना चौराहा होते हुए अस्पताल चौक पहुंचेगी। यहां संविधान निर्माता बाबा भीमराव भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसी प्रकार उत्कृष्ट विद्यालय के सामने से होते हुए नेहरू स्टेडियम से महाराणा प्रताप चौक पहुंचेंगे। यहां पर महाराणा प्रताप प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए रैली वीर तेजाजी चौक होकर गुर्जर बोर्डिंग निकलेगी। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा का आह्वान करते हुए यह ट्रैक्टर रैली कृषि उपज मंडी परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं एक देश एक विधान का नारा बुलंद करने वाले पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क पहुंचेगी, वहां स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। पूरा शहर भ्रमण करने के पश्चात इस ट्रैक्टर रैली का मंडी परिसर में समापन होगा। यहां एक जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसे कृषि मंत्री कमल पटेल संबोधित करेंगे। इस अवसर पर सभी किसान भाइयों के लिए स्नेह भोज का आयोजन भी मंडी परिसर में ही रखा गया है।
Views Today: 2
Total Views: 154